राजस्थान में बालोतरा जिले के औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कपड़ा फैक्ट्री में स्लज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य श्रमिकों में भी भय का माहौल बन गया।
टैंक की सफाई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बालोतरा औद्योगिक क्षेत्र के चतुर्थ चरण में स्थित लालजी इंडस्ट्रीज नामक कपड़ा फैक्ट्री में करीब दोपहर 12:30 बजे तीन मजदूर केमिकल स्लज टैंक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक टैंक के अंदर जहरीली गैस बन गई। गैस के असर से तीनों मजदूर बेहोश होकर टैंक के अंदर ही गिर पड़े।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने जब यह देखा तो तुरंत उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की और फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस को बुलाया गया और तीनों को तुरंत बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने तीनों मजदूरों की हालत गंभीर पाई। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान श्रवण (32) पुत्र मन्छाराम सांसी निवासी बालोतरा, गुमनाराम (25) पुत्र रमेश सांसी निवासी बालोतरा और विशंभर तिवारी (54), निवासी बालोतरा के रूप में हुई है।
प्रशासन और पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अशोक विश्नोई और डीएसपी अनिल पुरोहित अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने बाद में हादसा स्थल का भी मौका मुआयना किया।
एसडीएम अशोक विश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री संचालक की लापरवाही सामने आ रही है। मजदूरों से बिना सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा मानकों की पालना के खतरनाक केमिकल टैंक की सफाई करवाई जा रही थी। इसी दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से यह हादसा हो गया।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।