गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के जिले के बरगदवा क्षेत्र में मंगलवार की सुबह भाजपा नेता और पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। राजकुमार सुबह अपनी नियमित मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी चार से अधिक हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से 50 से 60 ताबड़तोड़ वार किए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चौहान करीब 100 मीटर तक भागे लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें दोबारा हमला किया। हमलावर इतने निर्दयी थे कि उनके मरने तक वहीं रुके और फिर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने राजकुमार के सिर, सीने और हाथ पर वार किए। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। राजकुमार को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया कर दिया।
राजकुमार चौहान भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी। उनकी हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू पर भी गहनता से जांच कर रही है। हत्यारों की पहचान और उनके मकसद का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग दिशाओं में काम कर रही हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग काफी आहत और भयभीत हैं।