लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के एक गांव में सोमवार को एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में भीषण आग लग गई। इस घटना में 22 वर्षीय महिला और उसके चार साल के बेटे की दम घुटने से मौत हो गयी, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी।
पुलिस के अनुसार मृतक महिला और उसके बेटे की पहचान रिंकी (22) और धीरज (4) के रूप में की गई है। उनके पति नीरज चौधरी (24) को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना उन्हें सुबह लगभग 3:30 बजे चिलकहार गांव से मिली। मौके पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, साथ ही फायर विभाग की टीमों ने पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से तीव्रता से आग बुझाई गई।
पुलिस ने बताया कि आग में व्यावसायिक प्रतिष्ठान में रखे लाखों रुपये के सामान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। साथ ही, आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।