चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इसके 24 घंटों के अंदर ही वामपंथ चुनावी उम्मीदवारों की सूची जारी करना चाहता है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को वामफ्रंट की ओर से प्राथमिक रूप से उम्मीदवारों की सूची जारी की जाने वाली है।
इस बात की जानकारी वामफ्रंट के चेयरमैन विमान बसु ने दी। क्या वामपंथ ISF के साथ गठबंधन कर चुनावी समर में उतरने की तैयारी कर रहा है? हालांकि ISF नेता नौशाद सिद्दिकी ने पहले ही कह दिया है कि यह गठबंधन होने वाला है। लेकिन वाम नेता विमान बसु ने क्या कहा?
TV9 की मीडिया रिपोर्ट में विमान बसु के हवाले से कहा गया कि गठबंधन नहीं होने वाला है। वह लड़ाई के लिए एक विशाल मंच तैयार करना चाहते हैं। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए विमान बसु ने कहा कि सोमवार को वामफ्रंट उम्मीदवारों की एक प्राथमिक सूची जारी करेगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि हमने तो आपसी समझौता किया है वह वामफ्रंट की तरह से ही है। हमारा नारा वामपंथ का पुनरुद्धार है। स्वाभाविक रूप से हमें इस काम को करने में समय लग रहा है। लेकिन कुछ ही दिनों में हम इस काम को पूरा कर लेंगे।
ISF के साथ गठबंधन को लेकर उन्होंने कुछ स्पष्ट नहीं किया। उन्होंने कहा कि बार-बार कह रहा हूं कि वामफ्रंट है। वामफ्रंट दूसरे वामपंथियों से समझौता कर रहा है क्योंकि वामपंथियों में एकता बनानी है। वाम के बाहर भी जो लोग हैं, उनके साथ सीटों को लेकर समझौत करना चाहते हैं। इसे गठबंधन नहीं कहा जाता है। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ सर्वव्यापक रूप से लड़ाई करने के लिए हम एक मंच तैयार कर रहे हैं।
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि सीपीएम के उम्मीदवारों की सूची में युवाओं को प्रमुखता दी जाएगी। हालांकि चुनावी समर में सृजन भट्टाचार्य, शतरूप घोष और दिप्शिता धर रहेंगे या नहीं, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। संभावना जतायी गयी है कि चुनावी मैदान में मीनाक्षी मुखर्जी को भी देखा जा सकता है।
उन्हें उत्तरपाड़ा केंद्र से टिकट दिया जा सकता है। इसके साथ ही जादवपुर से विकास रंजन भट्टाचार्य चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। इसके साथ संभावित उम्मीदवारों की सूची में ध्रुवज्योति साहा, मयूख विश्वास, सप्तर्षि देव और सायरा शाह हालिम को भी देखा जा सकता है।