विधानसभा चुनाव की घोषणा के अगले दिन ही पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग के पर्यवेक्षकों की टीम आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस, आय-व्यय आदि के बारे में पर्यवेक्षकों की यह टीम जांच करेगी। बताया जाता है कि आमतौर पर आयोग (Election Commission) चुनाव का नामांकन भरने के आखिरी दिन से एक दिन पहले पर्यवेक्षकों की टीम को राज्य में भेजता था। लेकिन इस बार चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के अगले दिन ही इन्हें भेजा जा रहा है।
abp मीडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि करीब 400 पर्यवेक्षकों (Observers) की टीम आज बंगाल में आने वाली है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2 चरणों में सम्पन्न किए जाएंगे। पहले चरण का चुनाव 23 अप्रैल को होगा जिसमें 16 जिलों की 152 सीटें शामिल हैं।
वहीं दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा जिसमें 7 जिलों के 142 सीटें होंगी। मतगणना 4 मई को होने वाली है और उसी दिन चुनाव का परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा।
सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि आज (सोमवार) को वामपंथ अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकता है। वहीं मंगलवार को तृणमूल और भाजपा के उम्मीदवारों की सूची जारी होने की संभावना जतायी गयी है। संभावना जतायी जा रही है कि ममता बनर्जी भवानीपुर से ही चुनाव लड़ सकती हैं।
चुनाव की घोषणा होने से करीब 15 दिनों पहले ही राज्य में चुनावी हिंसा को रोकने के लिए 2 चरणों में कुल 480 कंपनी केंद्रीय बल को तैनात किया जा चुका है। केंद्रीय बल के जवान कोलकाता व आसपास के इलाकों में नियमित रूप से गश्ती और रूट मार्च भी कर रहे हैं।