🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विचार मंच के समारोह में ऊषा ऊथुप को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

एसपीके जैन फ्यूचरिस्टिक अकादमी में सम्मान समारोह आयोजित, कोलकाता में विविध क्षेत्रों की विभूतियां हुईं सम्मानित

By रजनीश प्रसाद

Mar 15, 2026 23:06 IST

कोलकाता : कोलकाता की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था विचार मंच द्वारा एस.पी.के. जैन फ्यूचरिस्टिक अकादमी, न्यूटाउन में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज, साहित्य, संगीत, कला, शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई विभूतियों को सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी हरिप्रसाद बुधिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान करना वास्तव में समाज की सेवा और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं और उन्हें समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने की सीख देते हैं।

सम्मान समारोह में विभिन्न श्रेणियों में विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। सोहनलाल दुगड़ भामाशाह सम्मान स्वर्गीय सोहनलाल सिंघवी को प्रदान किया गया। सरदारमल कांकरिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रसिद्ध गायिका ऊषा ऊथुप को दिया गया। कर्मयोगी सम्मान जशवंत सिंह मेहता को, कन्हैयालाल सेठिया साहित्य सम्मान मोनिका गौड़ को तथा रविंद्र जैन संगीत साधना सम्मान मारुति मोहता को प्रदान किया गया।

इसी क्रम में किसनलाल कांकरिया शौर्य सम्मान पियाली वसाक को, कन्हैयालाल मालू विद्यालय गौरव सम्मान आर्दश अग्रवाल को, ब्राह्मी कला सम्मान अभिजीत महतो को तथा अनुपमा सम्मान अनवी डागा को दिया गया। सभी सम्मानित विभूतियों को मुक्ताहार, शॉल, प्रतीक चिन्ह और सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत तृषा भंसाली के मंगलाचरण से हुई, जबकि अनवी डागा ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। विचार मंच की संयुक्त सचिव डॉ. तारा दुगर ने स्वागत भाषण देते हुए संस्था की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी और सभी अतिथियों का स्वागत किया। समारोह का संचालन सुमिता कौशिक ने किया, जबकि संस्था के उपाध्यक्ष डॉ. प्रेमशंकर त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सरदारमल कांकरिया, संरक्षक पन्नालाल कोचर, सुरेंद्र बांठिया और आर.के. बोथरा, उपाध्यक्ष पद्मचंद नाहटा, विनोद मिन्नी, विनोद कांकरिया, अशोक मिन्नी, ललित कांकरिया, जयदीप पटवा, अरुण मालू, राजेंद्र रामपुरिया, जय बोथरा, मनोज बोथरा, अशोक बोथरा, पद्मा मिन्नी, शशि कांकरिया, सोनल चोरारिया और तृषा भंसाली सहित कोलकाता और हावड़ा के अनेक समाजसेवी, साहित्यकार और पत्रकार उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में किशोर गेनरी, हनुमान नाहटा तथा संस्था के अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Prev Article
5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा, कब-कहां-कितने चरणों में होगा चुनाव? यहां देखें हर अपडेट

Articles you may like: