राजस्थान रॉयल्स टीम को खरीदने के लिए चार अलग-अलग कंपनियां दिलचस्पी दिखा रही हैं। इनमें ललित मोदी एक अमेरिका आधारित कंपनी के साथ साझेदारी में बोली लगा सकते हैं। इसके अलावा आदित्य बिरला ग्रुप और एक अमेरिकी कंपनी कंसोर्टियम, मैनचेस्टर यूनाइटेड से जुड़ी ग्लेजर फैमिली और एक अन्य अमेरिकी निवेश कंपनी भी रेस में शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इन सभी संभावित खरीदारों के साथ पहले दौर की बातचीत हो चुकी है। 16 मार्च की बैठक को अंतिम दौर की चर्चा माना जा रहा है, जिसमें डील को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है।
एमर्जिंग मीडिया वेंचर्स के पास सबसे ज्यादा शेयर
फिलहाल राजस्थान रॉयल्स में सबसे बड़ी हिस्सेदारी एमर्जिंग मीडिया वेंचर्स के पास है, जिसके मालिक मनोज बदाले हैं। उनके पास लगभग 65 प्रतिशत शेयर हैं। इसके अलावा रेडबर्ड कैपिटल के पास करीब 15 प्रतिशत और फॉक्स कॉरपोरेशन के पास भी लगभग 15 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
इन तीनों के पास मिलाकर टीम के करीब 95 प्रतिशत शेयर मौजूद हैं। अगर यह डील पूरी होती है तो ललित मोदी की IPL में एक तरह से वापसी हो सकती है और राजस्थान रॉयल्स की ओनरशिप में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
ललित मोदी कौन हैं और भारत से क्यों भागे ?
ललित मोदी 2005 से 2009 तक राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RSCA) के अध्यक्ष रहे। 2008 में उन्होंने IPL की शुरुआत की और BCCI ने उन्हें IPL का चेयरमैन और कमिश्नर बनाया।
2010 में ललित मोदी पर IPL में भ्रष्टाचार के आरोप लगे। आरोप था कि उन्होंने मॉरिशस की कंपनी वर्ल्ड स्पोर्ट्स ग्रुप को IPL के मीडिया राइट्स से जुड़ा 425 करोड़ रुपए का ठेका दिलाया और इसमें 125 करोड़ रुपए कमीशन लेने के आरोप भी लगे। इसके अलावा दो नई टीमों की नीलामी के दौरान भी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए।
IPL के तीसरे सीजन में सस्पेंड हुए
2010 में IPL के तीसरे सीजन के फाइनल के तुरंत बाद BCCI ने उन्हें सस्पेंड कर दिया। उसी साल अंडरवर्ल्ड से धमकियों का हवाला देते हुए ललित मोदी भारत छोड़कर लंदन चले गए। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया और उनका पासपोर्ट भी रद्द कर दिया गया।
2011 में BCCI ने अरुण जेटली की अध्यक्षता में एक जांच समिति बनाई। उस समय के कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और तत्कालीन BCCI अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन इसके सदस्य थे।
मनी लॉन्ड्रिंग के मामले चल रहे
2012 में ललित मोदी ने दावा किया था कि उन्होंने 2009 के IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए इंग्लैंड के ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ को टीम में लाने में श्रीनिवासन की मदद की थी।
तब से ललित मोदी लंदन में रह रहे हैं। उनके खिलाफ IPL में खिलाड़ियों की बोली में हेराफेरी, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन के मामले चल रहे हैं।
इसके बाद 2022 में एक्ट्रेस सुष्मिता सेन और ललित के रिश्ते की खबर सार्वजनिक हुई थी, लेकिन अब वे साथ नहीं हैं। जुलाई 2022 में ललित मोदी ने सुष्मिता को अपनी बेटर हाफ बताया था, लेकिन बाद में दोनों के ब्रेकअप की खबरें आईं। सुष्मिता ने इस रिश्ते को सिर्फ एक 'एक्सपीरियंस' बताया था।