नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और सिफारिशें स्वीकार करना शुरू कर दिया है। यह प्रक्रिया रविवार से आरंभ हुई।
सरकारी बयान के अनुसार नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in का उपयोग करना होगा।
पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। इनमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री शामिल हैं। इन पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। इनकी शुरुआत वर्ष 1954 में की गई थी। इनका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और विशिष्ट सेवा को सम्मानित करना है।
सरकार के अनुसार ये पुरस्कार कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामलों, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग सहित सभी क्षेत्रों में दिए जाते हैं। सभी नागरिक, चाहे उनका पेशा, पद, लिंग या सामाजिक स्थिति कुछ भी हो, इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। हालांकि सरकारी कर्मचारी, विशेष रूप से सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत लोग (डॉक्टर और वैज्ञानिकों को छोड़कर) इन पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं।
सरकार ने पद्म पुरस्कारों को “जनता का पद्म” बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। इसलिए नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे योग्य व्यक्तियों की पहचान कर स्वयं नामांकन या सिफारिश करें। विशेष रूप से महिलाओं, कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग व्यक्तियों और समाज के लिए निस्वार्थ सेवा करने वालों को चिन्हित करने पर जोर दिया गया है।
नामांकन में सभी आवश्यक विवरण सही प्रारूप में प्रस्तुत करने होंगे। अधिक जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट https://mha.gov.in और पद्म पुरस्कार पोर्टल https://padmaawards.gov.in पर उपलब्ध है।