🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया

AK राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद। इससे पहले नौशेरा सेक्टर में भी LoC के पास घुसपैठ की कोशिश विफल।

बारामूलाः जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास घुसपैठ की एक कोशिश को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया गया। सुरक्षा बलों ने उसके पास से हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

भारतीय सेना के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर 14 और 15 मार्च की रात को उरी सेक्टर के बुछार इलाके में संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने झाड़ियों में संदिग्ध हलचल देखी।

मुठभेड़ में आतंकवादी की मौत

सैनिकों ने घात लगाकर स्थिति संभाली और संदिग्ध व्यक्ति को आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा। इसके जवाब में आतंकवादी ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया।

मुठभेड़ के बाद तलाशी के दौरान आतंकवादी के पास से एक AK राइफल, एक पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। सेना ने बताया कि ऑपरेशन अभी भी जारी है और इलाके की गहन तलाशी ली जा रही है।

घुसपैठ की कोशिश नाकाम

इससे पहले 10 मार्च को भी जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की एक कोशिश को सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया था। उस दौरान भी पाकिस्तान प्रायोजित एक आतंकवादी मारा गया था।

भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर के अनुसार, खुफिया एजेंसियों से विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद दोपहर करीब तीन बजे LoC के पास नौशेरा के झांगर इलाके में दो आतंकवादियों की गतिविधि देखी गई थी।

सूचना मिलते ही सेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की और घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। हाल के दिनों में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिशों को देखते हुए सुरक्षा बलों ने निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। सेना का कहना है कि सीमा पार से होने वाली किसी भी घुसपैठ की कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

Prev Article
कोलकाता के साथ ही बेमौसम बारिश में भीगी दिल्ली, तापमान में गिरावट, कब तक होगी बारिश?
Next Article
राज्यसभा चुनाव से पहले ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ की आशंका, रिश्वत देने पहुंचे दो लोग गिरफ्तार

Articles you may like: