तेल अवीवः इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की हत्या होने की अफवाहों को उनके कार्यालय ने खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि नेतन्याहू पूरी तरह सुरक्षित हैं और सोशल मीडिया पर फैल रही खबरें गलत हैं।
दरअसल सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि नेतन्याहू की हत्या हो गई है। इन खबरों के फैलने के बाद उनके कार्यालय से सफाई दी गई कि यह सब फर्जी खबरें हैं।
यह अफवाह तब तेजी से फैलने लगी जब नेतन्याहू ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो साझा किया। इसमें अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव पर चर्चा की गई थी। कुछ लोगों ने दावा किया कि यह वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से बनाया गया है।
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो में नेतन्याहू के हाथ की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनके हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं, इसलिए यह वीडियो नकली है। हालांकि बाद में तकनीकी जांच में बताया गया कि यह केवल कैमरे के एंगल, रोशनी और हाथ की स्थिति की वजह से बना भ्रम था।
जांच में यह भी साफ किया गया कि नेतन्याहू के हाथ में सामान्य रूप से पांच ही उंगलियां हैं और वीडियो असली है।
इन अफवाहों के पीछे उस समय की स्थिति भी बताई जा रही है जब इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। फरवरी के अंत में इजराइल और अमेरिका ने ईरान पर संयुक्त हमले किए थे, जिसके बाद क्षेत्र में हालात और गंभीर हो गए।
फिलहाल इजराइल सरकार ने साफ कहा है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू सुरक्षित हैं और उनके बारे में फैलाई जा रही हत्या की खबरें गलत हैं।