🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तेहरान पर इजराइल का ताबड़तोड़ हमला, नेतन्याहू ने ईरान को दी चेतावनी

तेहरान के पूर्वी हिस्से में बड़ा धमाका। इजराइल एयर फोर्स ने तेहरान, शिराज और अह्वाज में इरानी सैन्य और मिसाइल ठिकानों पर हमला किया।

By श्वेता सिंह

Mar 13, 2026 15:39 IST

तेहरानः तेहरान के पूर्वी हिस्से में शुक्रवार सुबह एक बड़ा धमाका हुआ, जब इजराइल एयर फोर्स ने ईरानी शासन के बुनियादी ढांचों पर नए हमले करने शुरू कर दिये। ईरानी राज्य प्रसारक प्रेस टीवी ने बताया कि धमाके में कई लोग घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इजराइल एयर फोर्स (IAF) ने कहा कि तेहरान, शिराज और अह्वाज में एक साथ कई ठिकानों पर हमला किया गया। शिराज में एक भूमिगत साइट को निशाना बनाया गया, जहां ईरानी शासन द्वारा मिसाइल उत्पादन और भंडारण किया जाता था। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान में एयर डिफेंस के मुख्य ठिकानों और बुनियादी ढांचे पर हवाई हमले हुए। अह्वाज में विभिन्न सरकारी कार्यालयों और ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनसे सैनिकों ने इजराइल और क्षेत्रीय देशों के खिलाफ हमले की योजना बनाई थी।

IAF ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पश्चिमी और केंद्रीय ईरान में 200 से अधिक लक्ष्यों पर हवाई हमले किए गए। इनमें बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर, रक्षा प्रणाली और हथियार निर्माण स्थल शामिल थे। एयर फोर्स ने कहा कि “रोअर ऑफ द लायन” ऑपरेशन के तहत अब तक सैकड़ों हवाई मिशन किए गए हैं ताकि इजराइल पर हमले की क्षमता को न्यूनतम किया जा सके।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर आयतोल्लाह मोजतबा खामेनेई को सीधे चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वह किसी भी आतंकवादी संगठन के नेताओं के जीवन बीमा की गारंटी नहीं देंगे। उन्होंने संकेत दिया कि खामेनेई पर भी उसी तरह कार्रवाई की जा सकती है जैसी उनके पिता पर हुई थी। नेतन्याहू ने खामेनेई को ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का “पुतला” बताया, जो सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ सकते।

इस हमले के बाद, क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। दुनिया भर की निगाहें अभी स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर बनी हुई हैं जहां से दुनिया के तेल का एक बड़ा हिस्सा गुजरता है।

Prev Article
खाड़ी अरब देशों और इजराइल पर इरान के नए हमले, ट्रंप की चेतावनी: नेता मिटा दिए जाएंगे
Next Article
ओमान में ईरानी ड्रोन हमले में 2 भारतीयों की मौत, 10 अन्य घायल

Articles you may like: