होर्मूज जलसंधि जो ईंधन के आयात-निर्यात के लिए बेहद महत्वपूर्ण एक जलमार्ग है। इसे सुरक्षित व खुला रखने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मित्र देशों के साथ संयुक्त रूप से कदम उठाने की बात कही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने होर्मूज जलसंधि को खुला रखने के लिए ब्रिटेन और चीन समेत अन्य देशों से अपना युद्धपोत भेजने की अपील की है। गौर करने वाली बात है कि अमेरिका-इजरायल के साथ ईरान का युद्ध तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है।
Money Control की मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर किए एक पोस्ट में चीन फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन समेत अन्य मित्र देशों से होर्मूज जलसंधि में युद्धपोत भेजने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि अमेरिका तटरेखा पर बमबारी को जारी रखेगा।
वह ईरानी जहाजों और नावों को निशाना बनाता रहेगा। इस पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया है कि होर्मूज जलसंधि को बंद करने के ईरान की कोशिश की वजह से जिन देशों को नुकसान हो सकता है, उनमें से कई देश अमेरिका के साथ मिलकर संयुक्त रूप से युद्धपोत भेजेंगे।
बता दें, होर्मूज जलसंधि फारस उपसागर को ओमान उपसागर से जोड़ता है। यह ईंधन के परिवहन के लिए दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण समुद्रीमार्ग है। हर दिन करीब 2 करोड़ बैरल तेल इस रास्ते से होकर विश्व के विभिन्न देशों में पहुंचते हैं जो अंतर्राष्ट्रीय निर्यात का करीब एक-पांचवां हिस्सा है। करीब 2 सप्ताह पहले अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर हमला बोला था जिसके बाद से पश्चिम एशियाई देशों में तनाव फैल गया है।
यहां तक होर्मूल जलसंधि से होकर गुजरते समय जहाजों पर भी हमला होने की खबरें सामने आयी है। इस वजह से इस रास्ते से होकर आवाजाही करने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर बुरा प्रभाव पड़ा था जिसकी वजह से अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमतें बढ़ने लगी।
डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य क्षमता को लगभग पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि भले ही वे कितनी भी बुरी तरह से हार जाए लेकिन उनके लिए एक-दो ड्रोन भेजना, बारूदी सुरंग बनाना या जलमार्ग में दूर अथवा पास से मिसाइल दागना आसान है। इसलिए उन्होंने मित्रदेशों से अनुरोध किया है कि वे इस क्षेत्र में अपना युद्धपोत भेजे ताकि होर्मूज जलसंधि मार्ग को किसी ऐसे देश से कोई खतरा न हो जिसे पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया है।
ट्रंप ने कहा कि वॉशिंग्टन दूसरे देशों के साथ समन्वय करेगा ताकि जलमार्ग के माध्यम से शिपिंग को जल्दी, सुचारू और अच्छी तरह से जारी रखने को सुनिश्चित किया जा सकें। यह एक टीम की तरह प्रयास होना चाहिए था और अब यह होगा - यह विश्व को सद्भाव, सुरक्षा और चिरस्थायी शांति ओर एक साथ लाएगा!