बिन मौसम बरसात में पहले कोलकाता और उसके बाद दिल्ली भीग गयी है। मार्च के शुरुआत से ही दिल्ली वालों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है। रविवार की अहले सुबह दिल्ली में वज्रपात के साथ हल्की बारिश हुई। दिल्ली में मौसम विभाग ने जहां बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था वहीं NCR में नोएडा और गुरुग्राम में यलो अलर्ट जारी किया गया था।
बताया जाता है कि बेमौसम बरसात की वजह से दिल्ली के तापमान में गिरावट भी दर्ज हुई और पारा 22 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो पिछले कई दिनों से 36 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ था।
पश्चिमी झंझावात के प्रभाव से बदला दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी झंझावात के प्रभाव से ही दिल्ली में अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ है और इसके प्रभाव से ही उत्तर-पश्चिम हिमालय और उत्तर भारत के समतल क्षेत्रों में अगले 2 दिनों तक ओले पड़ने की संभावना जतायी गयी है। आम तौर पर मार्च के अंत में मानसून से पूर्व की बारिश होती है लेकिन इस बार की यह बारिश अपने निर्धारित समय से लगभग 10 दिनों पहले ही हो रही है। इस वजह से अगले कुछ दिनों तक दिल्ली का अधिकतम व न्यूनतम दोनों तापमान ही कम बना रहेगा।
उत्तर-दक्षिण बंगाल में भी बारिश की संभावना
बांग्लादेश व आसपास के इलाकों पर एक चक्रवात के बनने की वजह से हवा में काफी ज्यादा जलवाष्प प्रवेश कर रहा है। इसके प्रभाव से ही पश्चिम बंगाल में भी आसमान में बादलों का आना-जाना लगा हुआ है। मौसम विभाग ने आज (रविवार) से मंगलवार तक उत्तर बंगाल में भारी और दक्षिण बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जतायी है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बताया जाता है कि रविवार को दक्षिण बंगाल में हल्के बादल छाए रहेंगे और शाम के बाद कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। मंगलवार तक बारिश और आंधी की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों जैसे पुरुलिया, बांकुड़ा, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, हुगली और दोनों बर्धमान जिलों में कालवैशाखी जैसी परिस्थिति पैदा हो सकती है। सोमवार को कोलकाता में आंधी-बारिश हो सकती है।
बात अगर उत्तर बंगाल की करें तो यहां के पर्वतीय इलाकों में जैसे दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं भी बह सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार तक उत्तर बंगाल में आंधी बारिश की संभावना जतायी है।