नई दिल्ली/कोलकाताः राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली और कोलकाता में सोना तस्करी से जुड़े एक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 14.13 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक यह गिरोह विदेश से तस्करी कर सोना भारत लाता था। बाद में इस सोने को रेल मार्ग से अलग-अलग शहरों तक पहुंचाया जाता था। इसके बाद अवैध इकाइयों में इसे गलाकर उस पर लगे विदेशी निशान मिटा दिए जाते थे और फिर इसे स्थानीय बाजार में बेच दिया जाता था।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने करीब 8.28 किलोग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 13.41 करोड़ रुपये है, बरामद किया। इसके अलावा करीब 7.35 किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत करीब 19.67 लाख रुपये है, और 51.74 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। यह कार्रवाई सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत की गई।
मिली जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कोलकाता से ट्रेन से आए एक व्यक्ति को रोका। जांच में उसके पास विदेशी निशान वाला सोना मिला, जिसे वह स्टेशन के बाहर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को देने वाला था। दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में मिली जानकारी के बाद दिल्ली में एक स्थान पर छापेमारी की गई, जहां अवैध रूप से सोना गलाने का काम किया जा रहा था। यहां विदेश से लाए गए सोने को पिघलाकर उस पर मौजूद पहचान चिन्ह मिटाए जाते थे ताकि उसे स्थानीय बुलियन बाजार में बेचा जा सके। इस जगह से भी सोना, चांदी और नकदी बरामद की गई और वहां काम कर रहे प्रबंधक को हिरासत में लिया गया।
आगे की जांच के दौरान इस गिरोह के सरगना का पता कोलकाता में चला। वहां भी एक अवैध गलाने की इकाई का पता लगा, जहां से अतिरिक्त सोना बरामद किया गया। सरगना के साथ दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि विदेश से तस्करी कर लाया गया सोना गलाकर उसके निशान हटाए जाते थे और फिर उसे रेल मार्ग से दिल्ली भेजा जाता था।
इस पूरे मामले में शामिल छह लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।