भारत की सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट सोनिया नारंग के अनुसार सुंदर और दमकता हुआ त्वचा पाने के लिए हमेशा महंगे कॉस्मेटिक्स या जटिल स्किनकेयर रूटीन की जरूरत नहीं होती। हमारे रसोईघर में ही कुछ सामान्य सामग्री मौजूद हैं, जिन्हें नियमित इस्तेमाल करने से त्वचा स्वाभाविक रूप से स्वस्थ और उज्जवल हो सकती है। इस विशेषज्ञ के मुताबिक रसोई में मौजूद सिर्फ तीन सामान्य चीजें ही त्वचा को चमकदार बना सकती हैं। ये हैं—दही, हल्दी और शहद। जो त्वचा की देखभाल में अद्भुत कार्य करते हैं।
दही
पहली सामग्री है दही। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद करता है और त्वचा को प्राकृतिक रूप से एक्सफोलिएट करता है। इससे त्वचा नरम और दमकती हुई दिखती है। इसके अलावा, दही त्वचा को हाइड्रेट रखता है और सूखापन कम करता है। नियमित दही के इस्तेमाल से त्वचा का रंग भी साफ और ताजगी भरा दिखाई देता है।
हल्दी
दूसरी महत्वपूर्ण सामग्री है हल्दी। भारतीय रसोई में व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाला यह मसाला त्वचा के लिए बेहद लाभकारी है। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन तत्व एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-सेप्टिक गुणों से भरपूर है। यह मुंहासों को कम करने, त्वचा की सूजन घटाने और त्वचा की चमक बढ़ाने में मदद करता है। भारतीय परंपरा में सदियों से हल्दी को प्राकृतिक स्किनकेयर के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।
शहद
तीसरी सामग्री है शहद। शहद एक प्राकृतिक ह्यूमेक्टेंट है, यानी यह त्वचा की नमी बनाए रखता है। साथ ही, शहद के एंटी-बैक्टीरियल गुण त्वचा को संक्रमण से बचा सकते हैं। यह त्वचा को नरम, चिकना और चमकदार बनाता है। नियमित शहद के इस्तेमाल से त्वचा का सूखापन कम होता है और त्वचा लंबे समय तक हाइड्रेटेड रहती है।
इन तीनों सामग्री को मिलाकर एक सरल लेकिन प्रभावी फेस पैक तैयार किया जा सकता है। आमतौर पर एक चम्मच दही, थोड़ी हल्दी और थोड़ा शहद मिलाकर चेहरे पर 15 मिनट के लिए लगाया जाए और फिर धो दिया जाए, तो त्वचा नरम और दमकती हुई बनती है। यह मिश्रण त्वचा को साफ करने के साथ-साथ पोषण भी प्रदान करता है।