जम्मू : जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को आतंक से प्रभावित 27 परिवारों के सदस्यों को रोजगार पत्र सौंपे। उन्होनें कहा कि सरकार हर पीड़ित को के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सिन्हा ने कहा कि मैं हर आतंक पीड़ित के परिवार को न्याय दिलाने के लिए दृढ़ हूं और पूरी कोशिश है कि लंबित मामलों की जांच कर अपराधियों को सजा दिलाई जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आतंक प्रभावित परिवारों से जबरन छीनी गई जमीन या घरों को वापस किया जाएगा और जिन मामलों की अभी जांच बाकी है, उन्हें निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 400 परिजनों को रोजगार दिया जा चुका है और प्रशासन तब तक प्रयास जारी रखेगा जब तक कि सभी परिवारों को न्याय नहीं मिल जाता। उपराज्यपाल ने कहा कि दशकों तक गरीब और कमजोर परिवार न्याय की उम्मीद में रहे।
बारामुल्ला से शुरू की गई यह मुहिम आतंक पीड़ित परिवारों को सहयोग, साहस और उनका भविष्य लौटाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरा उद्देश्य है कि कोई भी आतंक प्रभावित परिवार अनदेखा न हो और नियुक्ति पत्र उनके लिए सच्चे न्याय का प्रतीक हैं।