🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ओडिशा के कटक मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के ICU में लगी आग, 10 मरीजों की हुई दर्दनाक मौत, कई झुलसे

आग सोमवार की भोर में लगी थी। घटना के तुरंत बाद दमकल विभाग और अस्पताल के कर्मचारियों ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया था।

By Moumita Bhattacharya

Mar 16, 2026 08:09 IST

सोमवार की अहले सुबह ओडिशा के कटक में स्थित मेडिकल कॉलेज व अस्पातल में भीषण आग लग गयी। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार यह आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में लगी। इस आग से अस्पताल में इलाजरत कम से कम 10 मरीजों की झुलसने से मौत हो गयी जबकि कई घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा भी की है।

बताया जाता है कि यह घटना सोमवार की सुबह करीब 3 बजे घटी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बतायी जाती है। Zee मीडिया की रिपोर्ट में मुख्यमंत्री मोहन माझी के हवाले से बताया जाता है कि ICU में इलाजरत 7 मरीजों की मौत अंदर ही हो गयी थी जबकि बचाव अभियान के दौरान दूसरे वार्डों में ले जाने पर 3 अन्य मरीजों ने दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि घटना के तुरंत बाद दमकल विभाग और अस्पताल के कर्मचारियों ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया था। दमकल के कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित किया जिसके बाद मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्डों में स्थानांतरित कर दिया गया।

मीडिया से बात करते हुए अधिकारियों ने कहा कि बचाव अभियान में शामिल अस्पताल के 23 कर्मचारियों को धुएं से दम घुटने की वजह से सांस लेने में दिक्कतें हो रही हैं जिन्हें बाद में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मुख्यमंत्री मोहन माझी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।

साथ ही उन्होंने घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति अथवा संस्था जिम्मेदार पायी जाएगी उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे की वजह से अस्पताल की सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Prev Article
सोशल मीडिया रील्स के चक्कर में जेतपुर हादसा: दो की मौत, एक युवक घायल

Articles you may like: