आज रविवार को ही 4 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव की तारीखों की घोषणा होने की संभावना है। जिन चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें शामिल है पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी। शाम 4 बजे राष्ट्रीय चुनाव आयोग ने दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन बुलाया है। संभावना जतायी जा रही है कि इन राज्यों में चुनाव की तारीखों की घोषणा के लिए ही संवाददाता सम्मेलन बुलाया गया है। चुनाव की घोषणा के साथ ही इन सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची भी जारी हो चुकी है लेकिन सप्लिमेंट्री मतदाता सूची का जारी होना अभी भी बाकी है। इस सूची में लगभग 60 लाख लोगों की किस्मत का फैसला होना है। बड़ी संख्या में लोगों ने यह सवाल उठाया था कि सप्लिमेंट्री मतदाता सूची जारी होने से पहले क्या पश्चिम बंगाल में चुनाव की घोषणा करना संभव है? सुप्रीम कोर्ट ने इसका पहले ही जवाब भी दे दिया है।
अपने जवाब में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि चुनाव से एक दिन पहले तक सप्लिमेंट्री सूची जारी की जा सकती है। इसलिए विधानसभा चुनाव की तारीखों को घोषित करने में फिलहाल कोई बाधा अथवा समस्या नहीं है। शाम 4 बजे की संवाददाता सम्मेलन में अगर चुनावों की तारीखों की घोषणा की जाती है तो उसके बाद ही यह भी पता चल सकेगा कि पश्चिम बंगाल में कितने चरणों में चुनाव होंगे।