🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पत्नी के पीहर रुकने पर पति बना 'शोले' का वीरू! हाई-वोल्टेज ड्रामे का ऐसे हुआ अंत

सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र में एक युवक के पेड़ पर चढ़ जाने से करीब 19 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। युवक गले में रस्सी बांधकर पेड़ पर बैठा रहा और नीचे आने से लगातार इनकार करता रहा।

By लखन भारती

Mar 16, 2026 13:43 IST

राजस्थान के सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र में रविवार को एक युवक के पेड़ पर चढ़ जाने से करीब 19 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। युवक गले में रस्सी बांधकर पेड़ पर बैठा रहा और नीचे आने से लगातार इनकार करता रहा। आखिरकार पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

मंडार थाना क्षेत्र के कम्बोइया खेड़ा गांव में रविवार सुबह करीब 10 बजे डामराराम पुत्र करसन कोली नाम का युवक पेड़ पर चढ़ गया। युवक ने अपने गले और पेड़ से रस्सी बांध रखी थी और कोई पास आता तो कूदने का प्रयास कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया और युवक को समझाने की कोशिश शुरू की।

ग्रामीणों के अनुसार, युवक की पत्नी कलु देवी शनिवार को उसके साथ पीहर गई थी, लेकिन रविवार को उसके साथ वापस नहीं लौटी। इसी बात से नाराज होकर युवक पेड़ पर चढ़ गया। परिजन और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए मनाते रहे।

करीब 19 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर बैटरियों की रोशनी में दो लोग पेड़ पर चढ़े और समय रहते रस्सी काटकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

इसके बाद उसे रेवदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही रेफर कर दिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीएम राजन लोहिया, तहसीलदार मंजू देवासी सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

Articles you may like: