पहले चुनाव आयोग ने मुख्य सचिव और गृह सचिव को बदला। अब राज्य के पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को बदला गया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के 24 घंटों के अंदर राज्य प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों में एक के बाद एक चुनाव आयोग ने कई बदलाव किया है।
कोलकाता पुलिस के कमिश्नर सुप्रतिम सरकार को हटा दिया गया है। अब कोलकाता के नए पुलिस कमिश्नर के तौर पर 1996 बैच के IPS अजय कुमार नंदा को नियुक्त किया जा रहा है। इसके साथ ही पीयूष पांडे की जगह पर राज्य के कार्यकारी डीजी और आईजीपी के पद पर वर्ष 1992 बैच के IPS सिद्धीनाथ गुप्ता को नियुक्त किया गया है।
एडीजी कानून-व्यवस्था विनीत गोयल को भी हटा दिया गया है। उनकी जगह पर अजय मुकुंद रानाडे (IPS 1995) को नियुक्त किया गया है। डीजी (कारा) के पद पर नटराजन रमेशबाबू (IPS 1991) को नियुक्त किया गया है। चुनाव आयोग ने नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर और डीजी को आज यानी सोमवार की दोपहर 3 बजे के बीच अपनी-अपनी जिम्मेदारी संभालने के लिए कहा है।
Read Also | चुनाव की घोषणा के साथ ही आयोग ने बंगाल की मुख्य सचिव और गृह सचिव को हटाया, आज कौन संभालेंगे जिम्मेदारी?
गौरतलब है कि रविवार को दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा था कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से हिंसामुक्त चुनाव करवाना ही चुनाव आयोग की प्राथमिकता है। चुनाव घोषित होने के कुछ घंटों के अंदर ही राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को हटाकर चुनाव आयोग ने उनकी जगह पर दुष्यंत नारियाला और संघमित्रा घोष को इन पदों पर नियुक्त किया गया।
उसके बाद से ही कयास लगाया जा रहा था कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का भी तबादला जल्द ही किया जाने वाला है। सोमवार की सुबह कोलकाता पुलिस के सीपी और राज्य पुलिस के डीजी का आखिरकार तबादला करके इस संभावना को सच साबित कर दिया गया।