लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में पांच बच्चों पर उबलता तेल फेंकने का आरोप लगा है। इस घटना में बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप इलाके के ही एक निवासी विशाल पर लगा है। यह घटना हसनपुर ड्रागपाल खेड़ा गांव में कुछ दिन पहले हुई थी लेकिन गुरुवार को सामने आई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को निकालकर लखनऊ के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन गांव में एक पारलौकिक कार्यक्रम चल रहा था। हाल ही में इलाके के निवासी हीरालाल की मौत हुई थी। उनके तेरहवीं का कार्यक्रम हो रहा था। उसी समय खेलते हुए गांव के कुछ बच्चों ने पानी छिड़क दिया, जो विशाल के ऊपर पड़ गया। इससे गुस्से में आकर विशाल ने अपना आपा खो दिया।
इसके बाद वह पास की दुकान से उबलता तेल लाकर बच्चों की ओर फेंक दिया। गर्म तेल से बच्चों के शरीर के कुछ हिस्से बुरी तरह जल गए। पुलिस के मुताबिक, घायल बच्चों के नाम सुधीर (14), रौनक (11), सुमित (14), श्यामबाबू (10) और मनोज (12) हैं। डॉक्टरों ने बताया कि सुधीर और मनोज की हालत बेहद गंभीर है। गांव के प्रधान वाल्मीकि ने बताया कि फिलहाल उनका इलाज लखनऊ में चल रहा है। घटना के बाद से अभियुक्त विशाल फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। इस अमानवीय घटना से इलाके में काफी आक्रोश है।