मार्च का महीना और शाम को अचानक आसमान बादलों से ढंक गया। कोलकाता महानगर, उपनगरीय इलाके, न्यूटाउन और उत्तर 24 परगना जिले के कई जगहों पर हुई झमाझम बारिश ने मौसम में ठंडक भर दी है। शाम को स्कूल-कॉलेज या फिर ऑफिस से वापस लौटते समय छाता अथवा रेनकोट न होने की वजह से लोग बारिश में भीग भी गए। तेज हवाओं और बारिश की वजह से यातायात भी प्रभावित हुआ। यह तो आज की बात हो गयी। लेकिन कल क्या करेंगे? क्या ऑफिस के लिए निकलते समय छाता लेकर निकलना होगा?
क्या कहता है मौसम का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले 4-6 दिनों तक बारिश होने की संभावना है। सिर्फ दक्षिण बंगाल ही नहीं बल्कि उत्तर बंगाल के जिलों जैसे दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कुचबिहार और अलीपुरदुआर में भी बारिश होने की संभावना है। बताया जाता है कि 12 मार्च से 17 मार्च के बीच वज्रपात के साथ बारिश होने और तेज हवाएं बहने की संभावना जतायी गयी है। बारिश की वजह से अगले 2-3 दिनों में तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी।
वहीं दक्षिण बंगाल में अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना है। बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया जिलों में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी अगले 24 घंटों में हल्की बारिश हो सकती है। 14 मार्च को बीरभूम और मुर्शिदाबाद में हल्की बारिश हो सकती है। 15 से 17 मार्च के बीच दक्षिण बंगाल में बारिश की मात्रा बढ़ सकती है।
क्या कोलकाता में फिर होगी बारिश?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में कोलकाता व आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना कम है। हालांकि आंशिक रूप से आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। 15 से 17 मार्च के बीच कोलकाता व आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना अधिक है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी बहेंगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अचानक क्यों हो रही बारिश?
मार्च के महीने में आमतौर पर बारिश नहीं होती है। लेकिन इस साल क्यों? दरअसल, बंगाल की खाड़ी से जलवाष्प तटवर्तीय इलाकों में प्रवेश कर रहा है। इस वजह से ही उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के जिलों में बारिश हो रही है। इसके साथ ही दक्षिण बंगाल के पास एक निम्न दबाव भी बना हुआ है।