लखनऊ: लखनऊ में आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैनिकों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिया कि सभी शिकायतों का समाधान किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सैनिकों को भरोसा दिलाया कि वे बिना चिंता के देश की सेवा करें, क्योंकि उनकी परिवारों की सुरक्षा, सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार न सिर्फ सैनिकों के परिवारों बल्कि राज्य के 25 करोड़ लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए भी जिम्मेदार है और इस दिशा में शुरुआत से ही गंभीर है।
कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों से पुलिस, जमीन विवाद, आर्थिक सहायता और ट्रांसफर से जुड़ी शिकायतें भी आईं। मुख्यमंत्री ने हर मामले को ध्यान से सुना और अधिकारियों को तय समय में समाधान करने के निर्देश दिए। चिकित्सा सहायता से जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि मरीजों के परिवार अस्पताल के खर्च का अनुमान लगाकर आवेदन करें। सरकार पूरी मदद करेगी और पैसों की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा।