राज्य में चुनावी समर का शंखनाद हो चुका है। आज से ठीक 1 महीने बाद ही (23 अप्रैल) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण होगा। इसलिए सभी पार्टियां अब अपना पूरा जोर आजमा रही है। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) भी अपना चुनावी अभियान शुरू करने वाले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 24 मार्च से 31 मार्च तक अभिषेक बनर्जी लगातार विभिन्न जिलों में सभाओं को संबोधित करेंगे। तृणमूल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी 8 दिनों तक 13 जिलों में घूमेंगे जहां एक दिन में वह अलग-अलग जिलों में कई सभाओं को संबोधित भी करेंगे।
कब कहां होगी सभा?
तृणमूल सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी 24 मार्च से चुनाव प्रचार अभियान को शुरू करने वाले हैं। वह अपने संसदीय क्षेत्र के जिले यानी दक्षिण 24 परगना से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार 24 मार्च को वह दक्षिण 24 परगना जिले के पाथर प्रतिमा में सभा को संबोधित करेंगे।
इसके अगले दिन यानी 25 मार्च की दोपहर 12 बजे पश्चिम मिदनापुर में घाटाल के दासपुर में सभा को संबोधित करने वाले हैं। इसी दिन वह केशियाड़ी और नारायगढ़ में भी सभा को संबोधित करेंगे। 25 मार्च की दोपहर 2 बजे पूर्व मिदनापुर के नंदीग्राम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करके 25 मार्च की रात को कोलकाता वापस लौटेंगे।
26 मार्च को अभिषेक बनर्जी उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए जाने वाले हैं। इस दिन दोपहर में कूचबिहार के नाटाबाड़ी में सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर में ही जलपाईगुड़ी के धुपगुड़ी में भी वह दोपहर के समय एक सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे अलीपुरदुआर के कालचीनी में एक रोड शो भी करेंगे और रात को वापस कोलकाता लौट आएंगे।
अगले दिन यानी 27 मार्च को दोपहर 12 बजे झारग्राम के बिनपुर में सभा को संबोधित कर दोपहर 2 बजे पांशकुड़ा पूर्व में सभा को संबोधित करने जाएंगे। इसी दिन दक्षिण 24 परगना जिले के कुलपी में सभा को संबोधित करेंगे। शाम को कोलकाता वापस लौट आएंगे।
28 मार्च की दोपहर को 12 बजे दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट, तपन में सभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन मालदह के माणिकचक में दोपहर 1 बजे सभा को संबोधित करेंगे। यहां से मुर्शिदाबाद के सागरदिघी जाएंगे।
29 मार्च की दोपहर को 1 बजे बीरभूम के दुबराजपुर में तृणमूल सांसद सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे मुर्शिदाबाद के नौदा में सभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे दक्षिण 24 परगना के संदेशखाली में सभा को संबोधित करने पहुंचेंगे।
30 मार्च को अभिषेक बनर्जी दोपहर 1 बजे पुरुलिया जिले के बाघमुंडी में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पूर्व मिदनापुर जिले के कांथी में रिव्यू बैठक में शामिल होंगे। शाम को कोलकाता में वापस लौट आएंगे।
31 मार्च को कूचबिहार के शीतलकुची में सभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन वह जलपाईगुड़ी के राजगंज, अलीपुरदुआर में फालाकाटा में सभा को संबोधित करके वापस कोलकाता आएंगे।