गुवाहाटी : असम के तिनसुकिया जिले में यूनाइटेड लिबरेशन फ्रण्ट ऑफ असम (I) (ULFA-I) के संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा किए गए। हमले में कम से कम चार असम पुलिसकर्मी घायल हो गए। यह घटना रविवार तड़के करीब 2 बजे तिनसुकिया जिले के जगुन इलाके में हुई।
उग्रवादियों ने पुलिस कमांडो कैंप पर 4–5 रॉकेट (RPG) दागे। जिसके बाद दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई। इस हमले में असम पुलिस के 4 जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और हमलावरों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
इस घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस हमले को बेहद निंदनीय बताया और कहा कि सेना और पुलिस मिलकर आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चला रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि हमलावर जल्द गिरफ्तार होंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान राज्य के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समुदायों कुकी और मैतेई के साथ समझौते को लेकर कोई भ्रम नहीं है और सभी को प्रतिनिधित्व देने पर काम किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में विधानसभा सीटों की संख्या 28 से बढ़ाकर 40 तक की जा सकती है। साथ ही, दो नए जिलों के गठन पर भी चुनाव के बाद फैसला लिया जाएगा।हाफलोंग में पानी की आपूर्ति योजना पर भी काम शुरू हो चुका है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मंजूर की गई है।
चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी 100 से ज्यादा सीटें जीत सकती है। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को टिकट नहीं मिला है, उन्हें भी आगे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
कुल मिलाकर एक तरफ जहां यह हमला सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है, वहीं सरकार का कहना है कि हालात को काबू में करने और विकास कार्य जारी रखने की पूरी कोशिश की जा रही है।