विराट कोहली संग सात फेरे लेने के बाद अनुष्का शर्मा ने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली है। शादी के बाद वह सिर्फ फिल्म 'जीरो' में नजर आयी थी। हालांकि बीच में वह भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी झूलन गोस्वामी की बायोपिक 'चाकदा एक्सप्रेस' में भी काम कर रही थी लेकिन यह फिल्म फिलहाल ठंडे बस्ते में बंद हो चुकी है।
अब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अनुष्का शर्मा एक बार फिर से बड़े पर्दे पर वापसी करने वाली है लेकिन इस बार बॉलीवुड नहीं बल्कि साउथ इंडियन फिल्म में वह नजर आ सकती हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि जैसे लंबे अर्से बाद साउथ की फिल्म 'वाराणसी' में महेश बाबू संग प्रियंका चोपड़ा जोनस भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में वापसी कर रही हैं उसी तरह से अनुष्का शर्मा भी साउथ सुपरस्टार अल्लु अर्जुन के साथ फिल्मों में वापसी कर सकती हैं।
कौन सी फिल्म से होगी वापसी?
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अनुष्का शर्मा अल्लु अर्जुन की फिल्म 'AA22xA6' में नजर आ सकती हैं। दावा किया जा रहा है फिल्म में लीड रोल के लिए ही अनुष्का से बात की जा रही है। हालांकि उन्होंने इस फिल्म में काम करने के लिए हामी भरी है या नहीं इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं आयी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अनुष्का शर्मा फिल्म में दीपिका पादुकोण की जगह लीड रोल कर सकती हैं।
बता दें, अनुष्का शर्मा पिछले लंबे समय से फिल्मों से दूरी बनाकर अपने परिवार की देखरेख कर रही हैं। वह लंदन में बस गयी हैं और वहीं पर बेटी वामिका और बेटे के साथ रहती हैं। उन्हें इससे पहले तृप्ति डिमरी की फिल्म 'कला' में एक छोटे से कैमियो रोल में भी देखा गया था। दावा किया जाता है कि अनुष्का की फिल्म 'चाकदा एक्सप्रेस' की शूटिंग काफी हद तक पूरी हो चुकी है लेकिन यह फिल्म कब रिलीज होगी इस बारे में कोई अपडेट नहीं आया है।