पश्चिम बंगाल का चुनावी पारा धीरे-धीरे चढ़ता जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पश्चिम बंगाल में 10 से 12 रैलियां और रोड शो करने वाले हैं। भाजपा सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य भर में रोड शो और रैलियां करेंगे। बताया जाता है कि राम नवमी के बाद चुनावी संग्राम और भी तेज होने वाला है।
The Indian Express की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में अधिक से अधिक रैलियां करने पर अपनी हामी भी भर दी है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से बताया गया है कि पीएम मोदी कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा केंद्र में रोड शो भी करेंगे जहां से शुभेंदु अधिकारी को भाजपा प्रत्याशी बनाया गया है। पर कब से शुरू होंगी रैलियां और कब भवानीपुर में रोड शो करेंगे पीएम मोदी?
उक्त भाजपा नेता ने बताया कि अभी तक प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो और रैली की तारीख तय नहीं हुई है। न ही यह तय हुआ है कि रैली भवानीपुर से शुरू होगी या फिर खत्म। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह भी बंगाल में 12 से 14 रैलियों व सभाओं को संबोधित कर सकते हैं।
Read Also | 8 दिन 13 जिले...अभिषेक बनर्जी करेंगे बैक टू बैक सभाओं को संबोधित, 24 मार्च से उतरेंगे चुनावी मैदान में
उनके साथ-साथ भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी बंगाल में रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। संभावना जतायी जा रही है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 8 रैलियों को संबोधित कर सकते हैं।
भाजपा सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि नितिन नबीन कोलकाता में 24 और 25 मार्च को आ सकते हैं।
पार्टी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और सांसद सुकांत मजूमदार से भी राज्य भर में चुनाव प्रचार अभियान चलाने के लिए कहा है। इस चुनाव प्रचार अभियान का हिस्सा हाल में राज्यसभा से चुने गए सांसद राहुल सिन्हा भी ले सकते हैं।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बार के चुनाव में पार्टी नहीं चाहती है कि स्थानीय नेता 'साइड रोल' में रह जाएं। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी व अमित शाह की तरह ही शमिक भट्टाचार्य और सुकांत मजूमदार को भी चुनाव प्रचार अभियान में समान महत्व दिया जाएगा।
बताया जाता है कि भाजपा अपनी पार्टी के दो नेताओं शुभेंदु अधिकारी (जो नंदीग्राम और भवानीपुर में ममता बनर्जी के सामने चुनावी मैदान में उतर रहे हैं) और खड़गपुर सदर से चुनावी मैदान में उतर रहे दिलीप घोष को भी दूसरे विधानसभा केंद्रों में चुनाव प्रचार के काम में भेज सकती है।