पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। ठीक 1 महीने बाद राज्य में विधानसभा चुनाव का पहला चरण होगा। चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीतियों का निर्धारण करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Nabin) राज्य में आने वाले हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार नितिन नबीन कल (मंगलवार) को कोलकाता आएंगे। हालांकि वह इस बार किसी सभा को संबोधित नहीं करेंगे।
पार्टी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलकाता पहुंचने के बाद नितिन नबीन न्यूटाउन के एक होटल में प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके अगले दिन वह प्रदेश भाजपा के 5 सांगठनिक नेताओं के साथ भी बैठक करने वाले हैं।
पार्टी सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि नबीन चुनावी घोषणा पत्र कमेटी और पार्टी के आईटी सेल के नेताओं के साथ भी अलग-अलग बैठक कर सकते हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि चुनाव प्रचार अभियान कैसा चल रहा है, इस बारे में सारी जानकारियां लेने के साथ-साथ चुनाव प्रचार में कौन सी नई रणनीतियां अपनानी होगी इस बारे में भी वह बातचीत करेंगे।
Read Also | चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भी राज्य में रहेगी 500 कंपनी केंद्रीय बल, गृह मंत्रालय की मंजूरी
राजनैतिक विश्लेषक नितिन नबीन के बंगाल दौरे के समय को बड़ा ही खास मान रहे हैं क्योंकि प्रत्याशियों की घोषणा के बाद से ही कई विधानसभा केंद्रों में प्रत्याशियों को बदलने की मांग पर लगातार विरोध हो रहा है। रविवार को भी हिंगलगंज की भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा को बदलने की मांग पर पार्टी के सॉल्टलेक स्थित ऑफिस के सामने कार्यकर्ता जमा हुए थे। इसके अलावा श्रीरामपुर, जलंगी और चापड़ा में भी प्रत्याशी को बदलने की मांग की जा चुकी है।
हालांकि भाजपा के केंद्रीय नेताओं ने शमीक भट्टाचार्य को यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रत्याशियों से संबंधित विरोध-प्रदर्शन को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। भाजपा के केंद्रीय नेताओं का कहना है कि प्रत्याशियों के चयन में जिस प्रकार स्थानीय नेताओं को महत्व दिया गया है उसी प्रकार शक्तिशाली नेताओं को भी टिकट दिया गया है। इसलिए प्रत्याशियों के बदलने की कोई संभावना ही नहीं है।
हो सकता है कि पार्टी के सॉल्टलेक स्थित ऑफिस के सामने जो कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं उन्हें नितिन नबीन कड़े शब्दों में चेतावनी दे। आशंका जतायी जा रही है कि बार-बार समझाने के बावजूद जो पार्टी कार्यकर्ता लगातार प्रत्याशियों को बदलने के लिए भाजपा ऑफिस के सामने विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं उनके खिलाफ अब पार्टी कठोर कदम उठा सकती है।