लिफ्ट में फंसकर दमदम निवासी अरुप बंद्योपाध्याय (40) की मौत के महज 2 दिनों बाद फिर से RG Kar अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में एक मरीज की स्वाभाविक मौत का मामला सामने आया है। इस बार फिर से अस्पताल का ट्रॉमा केयर ही सुर्खियों में छाया हुआ है। अस्पताल के खिलाफ अव्यवस्था का आरोप लगाया गया है। घटना सोमवार की सुबह की बतायी जाती है। अस्पताल के ट्रॉमा केयर में इलाज करवाने आए एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया।
मृतक का नाम विश्वजीत सामंत (60) बताया जाता है। पारिवारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की समस्या की वजह से विश्वजीत सामंत को आरजी कर अस्पताल लाया गया था। अस्पताल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्हें आपातकालीन विभाग में भर्ती किया गया था और इलाज भी शुरू कर दिया गया था। सुबह 5 बजे उन्हें शौचालय में जाने की जरूरत हुई।
मरीज के परिजनों का आरोप है कि वृद्ध को उस समय शौचालय नहीं जाने दिया गया। आखिरकार मरीज को लेकर परिजनों को थोड़ी दूरी पर मौजूद सुलभ शौचालय जाना पड़ा। परिवार का आरोप है कि मरीज को सुलभ शौचालय लेकर जाने के लिए स्ट्रेचर की व्यवस्था भी नहीं की गयी है। मजबूरी में मरीज को चलाकर लेकर जाना पड़ा। आरोप है कि चलने की वजह से मरीज की तबीयत और बिगड़ गयी और उनकी मौत हो गयी। अस्पताल के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मरीज के परिजनों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की है।
Read Also | RG Kar हादसा : पत्नी ने सुनायी रोंगटे खड़े करने वाले पलों की दास्तां, परिवार ने मांगी सरकारी नौकरी
अस्पताल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आपातकालिन विभाग की निचली मंजिल का शौचालय गंदा और लिफ्ट खराब होने की वजह से डॉक्टरों ने उक्त मरीज को बाहर किसी शौचालय में ले जाने की सलाह दी थी। वहां ले जाते समय ही मरीज की मौत हो गयी। प्राथमिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से वृद्ध की मौत हुई है। परिवार द्वारा दायर शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
विश्वजीत सामंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरजी कर अस्पताल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवायी गयी है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि गत शुक्रवार को अस्पताल के ट्रॉमा केयर में अपने 4 साल के बच्चे का इलाज करवाने आए दमदम निवासी अरुप बंद्योपाध्याय की लिफ्ट में फंसने से दर्दनाक मौत हो गयी थी। अरुप ट्रॉमा केयर की 5वीं मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ चढ़े थे। बिना कोई कमांड दिए ही लिफ्ट ऊपर-नीचे करने लगी।
एक बार जब लिफ्ट बेसमेंट में रुकी तो उन्होंने किसी तरह से अपनी पत्नी और बच्चे को बाहर निकाल दिया लेकिन जब खुद निकलने की कोशिश करने लगे तो उसी समय लिफ्ट का दरवाजा बंद हो गया। अरुप के शरीर का ऊपरी आधा हिस्सा लिफ्ट से बाहर और निचला हिस्सा लिफ्ट के अंदर ही फंस गया और इसी अवस्था में उन्हें दीवारों से घसीटते हुए लिफ्ट ऊपर-नीचे आने-जाने लगी। इस वजह से अरुप बंद्योपाध्याय की मौत हो गयी। कोलकाता पुलिस घटना की जांच कर रही है।