अलमारी में धोकर रख दिया गया स्वेटर एक बार फिर से निकालना पड़ रहा है। AC का रिमोट फिर से बिस्तर के साइड टेबल के ड्रॉवर में चला गया है। कंबल ओढ़े या फिर कोई मोटा सा लिहाफ निकाले...कोलकाता में लोग अब एक बार फिर से यह सोच रहे हैं।
क्योंकि आंधी-बारिश की वजह से इन दिनों कोलकाता के तापमान में अचानक बड़ा बदलाव आया है। जितनी तेजी के साथ कोलकाता के तापमान में गिरावट आयी है उससे यह समझना मुश्किल हो गया है कि मार्च का आखिरी सप्ताह शुरू हो रहा है या फिर दिसंबर!
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बारिश और तेज हवाओं के प्रभाव से कोलकाता का न्यूनतम तापमान में एक झटके में 11 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं बात अगर न्यूनतम तापमान की करें तो यह 19.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम है।
मौसम विभाग ने बताया है कि रविवार को तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की जा सकती है। रविवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। कोलकाता में पूरे दिन आंशिक रूप से बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। हालांकि मौसम में आया यह बदलाव सिर्फ कोलकाता ही नहीं बल्कि उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल में भी है।
दोनों बंगाल के कई जिलों में हल्की बारिश की वजह से मौसम ठंडा हो गया है। दक्षिण बंगाल में सोमवार के बाद से बारिश कम होने की संभावना है। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में बुधवार तक बारिश होते रहने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है।