'अगर 48 घंटों में होर्मूज जलसंधि को नहीं खोला गया तो...!' अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेताते हुए कहा है कि अगर 48 घंटों के अंदर होर्मूज जलसंधि (Strait of Hormuz) को नहीं खोला गया तो ईरान पर बड़ा हमला होगा।
रविवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप (Donald Trump) ने कहा है कि अगर जलसंधि को नहीं खोला गया तो ईरान के विभिन्न पावर प्लांट को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि इसकी शुरुआत ईरान के सबसे बड़े पावर प्लांट से की जाएगी।
ट्रुथ सोशल पर किए एक पोस्ट में होर्मूज जलसंधि का एक हिस्सा खोलने के लिए ईरान पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने दबाव बढ़ाया है। अमेरिका और इजरायल द्वारा हमला शुरू करने के बाद से ही तेहरान ने इस महत्वपूर्ण जलसंधि को बंद कर दिया था।
होर्मूज जलसंधि को खोलने के बारे में ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा है कि अभी से 48 घंटों के अंदर ईरान अगर होर्मूज जलसंधि को नहीं खोलता है, तो अमेरिका उसके विभिन्न पावर प्लांट पर हमला करना शुरू करेगा और उन्हें पूरी तरह से बर्बाद कर देगा। इस अभियान की शुरुआत सबसे बड़े पावर प्लांट पर हमले के साथ की जाएगी।
गौरतलब है कि दुनिया में जितने ईंधन की खपत होती है उसका बड़ा हिस्सा होर्मूज जलसंधि से होकर आता है। इसलिए ईंधन के परिवहन के लिए यह एक बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। अमेरिका और इजरायल के हमले के जवाब में ही ईरान ने इस जलसंधि को बंद कर दिया है। इसकी वजह से दुनिया भर में ईंधन का संकट अब भयावह आकार ले चुका है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अपरिशोधित तेल (Crude Oil) की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। परिस्थिति से मुकाबले के लिए विभिन्न देश अपने-अपने रिजर्व में मौजूद तेल को बाजार में छोड़ रहे हैं। शुक्रवार को ट्रंप प्रशासन ने भी ईरान के तेल पर लगायी गयी पाबंदी को एक महीने के लिए हटा दिया है। ऐसी परिस्थिति में एक बार फिर से होर्मूज जलसंधि को खुलवाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को चेतावनी दी है।