कोलकाता: निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में रिटर्निंग ऑफिसरों के बड़े पैमाने पर तबादले का घोषणा किया है। राज्य के कुल 294 विधानसभा क्षेत्रों में से 73 रिटर्निंग ऑफिसरों को नई पोस्टिंग की गई है।
इस सूची में वर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर का अधिकारी भी शामिल है। अधिकारियों को मंगलवार शाम 5 बजे तक अपनी नई जगह पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। इसके बाद बुधवार से उनका प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
चुनाव की घोषणा के बाद से ही आयोग प्रशासनिक बदलाव कर रहा है। इससे पहले मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा का तबादला किया गया था। दुश्मंत नारियाला राज्य के नए मुख्य सचिव बने हैं। संघमित्रा घोष को नए गृह सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। पुलिस विभाग में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। कोलकाता के पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंदा को तैनात किया गया है। राज्य पुलिस के डीजी पीयूष पांडे की जगह सिद्धिनाथ गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा 18 मार्च को दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, बर्धमान, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों के जिलाधिकारियों का भी तबादला किया गया। कोलकाता उत्तर और दक्षिण के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) भी बदले गए हैं। निर्वाचन आयोग का कहना है कि यह बदलाव प्रशासन को मजबूत और चुस्त बनाने के लिए किए गए हैं। नई पोस्टिंग मिलने वाले अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समय पर संभालनी होगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का समय पर रिपोर्ट करना और प्रशिक्षण लेना भी चुनाव संचालन के लिए जरूरी है। राज्य में चुनाव की तैयारियों के बीच यह बड़े पैमाने पर प्रशासनिक बदलाव विपक्ष और आम जनता दोनों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। आयोग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नए क्षेत्र में समय पर रिपोर्ट करें और चुनाव संचालन में पूरी तत्परता दिखाएँ।