लखनऊ : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया जब एक कोल्ड स्टोरेज की छत अचानक ढह गई। इस दर्दनाक घटना में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में करीब 30 से 35 कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ छत का एक हिस्सा गिर पड़ा और कई मजदूर भारी कंक्रीट के नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया।
मौके पर NDRF और SDRF की टीमें तैनात की गई हैं। राहतकर्मी लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के कुछ देर बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस के अनुसार अब हालात नियंत्रण में हैं। बताया जा रहा है कि यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक का है। इस मामले में रखरखाव में लापरवाही के आरोप भी सामने आ रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने मजिस्ट्रेट स्तर की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन ने कहा है कि बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।