दक्षिण 24 परगना जिले के सातगछिया विधानसभा के बाखराहाट में बड़ो काछारी मंदिर के बाहर का कुछ हिस्सा आग लगने से जलकर नष्ट हो गया था। सांसद निधि से उक्त मंदिर की मरम्मत करवायी गयी। अब रविवार को डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) मंदिर में पूजा करने के लिए जाने वाले हैं। 18 अप्रैल 2024 को आग लगने से इस मंदिर को बड़ा नुकसान हुआ था। इस भयावह अग्निकांड में मंदिर के पास मौजूद 70 दुकानें भी जलकर राख हो गयी थी।
आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दमकल की 5 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची थी। काफी देर की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया था लेकिन इतनी देर में जो नुकसान होना था, वह हो चुका था।
इस मंदिर के साथ डायमंड हार्बर के निवासियों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। अग्निकांड में मंदिर का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद इलाके में काफी हंगामा मच गया था। इसके बाद अभिषेक बनर्जी ने अपने सांसद निधि से मंदिर की मरम्मत करवाने की पहल की। मरम्मत का काम खत्म हो गया है और बड़ो काछारी मंदिर अपने पुराने स्वरूप में वापस लौट आयी है।
जिन व्यवसायियों को अग्निकांड में नुकसान पहुंचा था, उनकी भरपाई का काम भी किया गया है। नई दुकानें बनायी गयी है। रविवार को मंदिर में पूजा करने के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी इन दुकानों का भी जायजा लेंगे।
राजनैतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए कई बार अभिषेक बनर्जी जिस जिले में भी जाते हैं, वहां के स्थानीय मंदिरों में उन्हें पूजा करते हुए देखा जाता है। जनवरी में वह कूचबिहार के मदनमोहन मंदिर में भी दर्शन व पूजा के लिए गए थे।