कश्मीर की खूबसूरती से आकर्षित होकर हर साल बड़ी संख्या में देसी और विदेशी पर्यटक श्रीनगर पहुंचते हैं। इन सैलानियों का सबसे बड़ा आकर्षण ट्यूलिप गार्डन होता है जो साल में सिर्फ 1 महीने के लिए ही खुलता है। अगर आप अगले 20 दिनों के अंदर कश्मीर की ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो जरा ध्यान दें। अपनी Itinerary में एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन जरूर शामिल करें क्योंकि इसे सैलानियों के लिए खोल दिया गया है।
धरती का स्वर्ग
एक तरह बर्फीली चोटियों वाली पहाड़ियां और दूसरी ओर डल झील का शानदार नजारा। इन दोनों के बीच में ट्यूलिप गार्डन जहां न जाने कितनी रंगों वाले फूल खिले हुए हैं। ट्यूलिप गार्डन में खिले चटक लाल से लेकर पीले, नीले और फुशिया गुलाबी रंग के फूल पर्यटकों को खूब आकर्षित करते हैं। फोटोग्राफी के शौकिनों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है और न ट्यूलिप के फूलों का खिलना किसी उत्सव से कम है।
खिले हैं ट्यूलिप के 18 लाख फूल
मिली जानकारी के अनुसार इस साल करीब श्रीनगर के लोकप्रिय ट्यूलिप गार्डन में 18 लाख से अधिक ट्यूलिप के फूल खिले हैं। पूरे बगीचे में लगभग 70 प्रजातियों के फूलों के बल्ब को रोपा गया था, जिनसे खिले फूलों से गार्डन देखकर हर पर्यटक बस यहीं कह रहा है कि 'दिल बाग-बाग हो गया।' ट्यूलिप के अलावा यहां डैफोडिल्स, नार्सिसस और चेरी ब्लॉसम के पेड़ भी हैं, जो मार्च-अप्रैल में बेहद खूबसूरत दिखते हैं। कश्मीर घाटी में ट्यूलिप के फूलों का खिलना बसंत की पहली दस्तक भी मानी जाती है।
ट्यूलिप के फूलों के खिलने और इस गार्डन के खुलने की वजह से अब उम्मीद की जा रही है कि कश्मीर घाटी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने वाली है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को भी फायदा होगा क्योंकि कश्मीर की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर ही निर्भर मानी जाती है।