इस्लामाबाद : पाकिस्तान के बन्नु जिले में शनिवार की मध्यरात्रि एक भयानक आतंकवादी हमला हुआ जिसमें आत्मघाती कार बम विस्फोट ने थाने के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया। इस हमले में अब तक तीन पुलिसकर्मी मारे गए हैं और कई अन्य घायल हैं। घटना के तुरंत बाद ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन’ नामक एक आतंकवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की।
बन्नु जिला अफगानिस्तान की सीमा के पास स्थित है। स्थानीय मीडिया सूत्रों के अनुसार घटना के समय कुछ ड्रोन अचानक थाने के परिसर में घुस आए। पुलिसकर्मी जब उन्हें रोकने के लिए दौड़े तभी एक वाहन तेजी से थाने की दीवार से टकराया और विकट विस्फोट हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि पुलिसकर्मी जमीन पर गिर गए और आसपास भय का माहौल बन गया।
इस बीच अन्य आतंकवादी एक और कार लेकर थाने में घुस आए और पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीन पुलिसकर्मियों की मौत हुई है लेकिन मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। घायल व्यक्तियों की वास्तविक संख्या अभी सामने नहीं आई है। घटना के बाद बन्नु पुलिस अधिकारी जाहिद खान ने एपी समाचार एजेंसी को बताया विस्फोट के कारण थाने का एक हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है और आसपास की कई इमारतें भी प्रभावित हुई हैं।
आतंकवादी हमले के तुरंत बाद एम्बुलेंस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे। बन्नु के सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई। जाहिद खान ने कहा घटना के तुरंत बाद आसपास के थानों से पुलिसकर्मी मदद के लिए भेजे गए लेकिन आतंकवादियों ने उन पर भी अचानक हमला कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस प्रकार के हमलों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर तनाव और बढ़ सकता है। फरवरी में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमले का दावा किया था जिसके बाद से स्थिति लगातार बिगड़ रही है। इस मामले में इस्लामाबाद का आरोप है कि अफगानिस्तान आतंकवादियों को पनाह दे रहा है और वहां से पाकिस्तान में हमले करवा रहा है। हालांकि तालिबान ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि यह पाकिस्तान की आंतरिक समस्या है और पाकिस्तान ही आतंकवादियों को आश्रय देता है।