पेशावरः पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार देर रात एक बड़े आतंकी हमले में कम से कम 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हमला बन्नू जिले के फतेह खेल पुलिस चेकपोस्ट पर किया गया, जहां विस्फोटकों से भरे वाहन को आत्मघाती हमलावर ने चौकी से टकरा दिया।
धमाका इतना जबरदस्त था कि पुलिस चौकी पूरी तरह तबाह हो गई और कई जवान मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव दल ने रातभर अभियान चलाकर कुछ पुलिसकर्मियों को जिंदा बाहर निकाला। अधिकारियों के मुताबिक विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। कई घरों की छतें गिर गईं।
बन्नू के उप महानिरीक्षक सज्जाद खान ने बताया कि विस्फोट के बाद हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए थे। अंधेरा और संभावित दूसरे हमले की आशंका के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ। घायल पुलिसकर्मियों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की कड़ी निंदा करते हुए खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इसे कायराना आतंकी हमला बताया। उन्होंने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उधर, बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने भी बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में कई हमलों की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संगठन ने कहा कि उसके लड़ाकों ने सुरक्षा चौकियों, सैन्य शिविरों और सुरक्षा बलों के काफिलों को निशाना बनाया। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।