कोलकाता/बरानगरः उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक पार्षद की गिरफ्तारी से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। वार्ड नंबर 14 के पार्षद शांतनु मजूमदार उर्फ ‘मेजो’ को मंगलवार देर रात बाली थाना पुलिस ने रंगदारी वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया। उनके भाई सागर मजूमदार को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एक स्थानीय महिला की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पार्षद ने स्थानीय विवाद के दौरान दबाव बनाकर एक किरायेदार को जबरन महिला के घर में रहने के लिए भेजा, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामला बढ़ने पर स्थानीय स्तर पर सुलह कराने के लिए एक बैठक भी बुलाई गई थी, लेकिन वहां भी विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हो सका। इसके बाद महिला ने पुलिस से संपर्क कर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई और बाद में गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की जाएगी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शांतनु मजूमदार का नाम पहले भी विवादों से जुड़ता रहा है। वर्ष 2024 के बरानगर विधानसभा उपचुनाव के दौरान उन पर सीपीएम उम्मीदवार तन्मय भट्टाचार्य के साथ मारपीट के आरोप भी लगे थे। इस गिरफ्तारी के बाद बरानगर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।