🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

थाईलैंड के फुकेट हादसे पर भारतीय दूतावास की नजर, एक भारतीय नागरिक की मौत

रात के समय फुकेट के कैफे में हुई घटना से मचा हड़कंप, मौत की वजह अब तक साफ नहीं।

By शिखा सिंह

May 12, 2026 18:26 IST

बैंकाॅक : थाईलैंड के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फुकेट में रहस्यमय परिस्थितियों में बेहोश हुए भारतीय पर्यटकों में से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। भारतीय दूतावास ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि की। हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

भारतीय दूतावास ने बताया कि 9 मई को फुकेट में चार भारतीय पर्यटक अचानक बेहोश हो गए थे जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूतावास लगातार थाई अधिकारियों के संपर्क में है और पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।

दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि हम उन भारतीय पर्यटकों में से एक युवा भारतीय नागरिक की मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

बयान में आगे कहा गया कि दूतावास के अधिकारी मृतक के परिवार के संपर्क में हैं और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही थाईलैंड के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है जो इस घटना की जांच कर रहे हैं। अन्य तीन भारतीय पर्यटकों की स्वास्थ्य स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।

हालांकि भारतीय दूतावास ने मृतक की पहचान या घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार यह घटना शनिवार तड़के कमाला बीच इलाके में हुई जो कथु जिले के अंतर्गत आता है। थाई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पांच भारतीय पर्यटक शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक कैफे में पहुंचे थे।

कैफे के सुरक्षा कर्मचारियों ने बताया कि रात लगभग 1 बजकर 54 मिनट पर समूह के चार सदस्य एक-एक कर बेहोश होने लगे। इसके बाद सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय समाचार पत्र बैंकॉक पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अस्पताल में भर्ती भारतीय पर्यटकों में से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं बाकी तीन लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

Articles you may like: