दिल्ली : अक्षर पटेल जो दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं वे भले ही हालिया मैच में शानदार वापसी करते हुए फॉर्म हासिल कर लिया हो लेकिन अब भी उन्हें राहत नहीं मिली है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नियम उल्लंघन के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
अक्षर पटेल पूरे सीजन में अपने प्रदर्शन को लेकर संघर्ष करते नजर आए थे। न तो बल्लेबाजी में और न ही गेंदबाजी में वे लगातार प्रभाव छोड़ पाए। हालांकि सोमवार को उन्होंने इस खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में 30 गेंदों पर 56 रनों की आक्रामक पारी खेली। इस पारी ने दिल्ली कैपिटल्स की जीत में अहम भूमिका निभाई।
लेकिन इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद कप्तान अक्षर पटेल को नियमों के उल्लंघन के कारण दंडित किया गया है। वह अब उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं जिनमें पहले से शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जैसे नाम शामिल हैं।
स्लो ओवर रेट के कारण कार्रवाई
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने 3 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में अक्षर पटेल ने 30 गेंदों पर 56 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और मध्यक्रम में डेविड मिलर के साथ उपयोगी साझेदारी भी की।
इसके बावजूद टीम पर स्लो ओवर रेट (धीमी ओवर गति) का उल्लंघन करने का आरोप लगा है। आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में यह स्पष्ट किया गया है कि दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया है। यह इस सीजन में टीम का पहला स्लो ओवर रेट अपराध था इसलिए कप्तान पर दंड लगाया गया।
कितनी सजा मिली
आईपीएल के अनुसार इस उल्लंघन के लिए अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह कार्रवाई नियमों के तहत की गई है क्योंकि यह टीम का इस सीजन में पहला स्लो ओवर रेट मामला था।
इससे पहले भी स्लो ओवर रेट के मामलों में कई कप्तानों को दंड मिल चुका है जिनमें ऋतुराज गायकवाड़ भी शामिल हैं। अब इस सूची में अक्षर पटेल का नाम भी जुड़ गया है।
प्लेऑफ की उम्मीदें कमजोर
पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स के 12 मैचों में 10 अंक हो गए हैं। हालांकि अगर टीम अपने बचे हुए दोनों मैच जीत भी लेती है तो अधिकतम 14 अंक तक ही पहुंच पाएगी।
साथ ही दिल्ली का नेट रन रेट -0.993 है जो काफी कमजोर स्थिति में है। इसी वजह से टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। दूसरी ओर लगातार चार मैच हारने के बाद पंजाब किंग्स की प्लेऑफ उम्मीदें भी लगभग समाप्त होती नजर आ रही हैं।