गुवाहाटीः मंगलवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने हिमंत बिस्वा सरमा और चार कैबिनेट मंत्रियों को शपथ दिलाई। इन मंत्रियों में BJP के सहयोगी दलों AGP और BPF से एक-एक मंत्री है। इस शपथ ग्रहण समारोह, BJP की ताकत का एक भव्य प्रदर्शन किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और BJP अध्यक्ष नितिन नबीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अलावा एनडीए शासित राज्यों के सीएम और नेता मौजूद रहे। इस सभा में बड़े-बड़े उद्योगपति अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के डायरेक्टर जीत अडानी, JSW ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सज्जन जिंदल., विदेशी राजदूत भी शामिल रहे।
सीएम के अलावा चार मंत्रियों ने ली शपथ
असम में हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार में सीएम के अलावा चार मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें से दो बीजेपी, एक AGP और एक बोडो पीपुल्स फ्रंट के विधायक हैं। बीजेपी की तरफ से अजंता नियोग और रामेश्वर तेली मंत्री बने। असम गण परिषद के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के चरण बोडो भी कैबिनेट मंत्री बने।
हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण में पहुंचे देवेंद्र फडणवीस, पीएम मोदी की 7 अपीलों का किया जिक्र
हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि असम में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। मैं असम की जनता के प्रति नतमस्तक हूं, जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री, हिमंत बिस्वा सरमा पर इतना गहरा विश्वास जताया है। मुझे पूरा विश्वास है कि, जिस तरह पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में असम का कायाकल्प हुआ है, उसी तरह आने वाले ये पांच वर्ष राज्य के लिए और भी अधिक विकास के साक्षी बनेंगे; इसके अलावा, मेरा यह भी दृढ़ विश्वास है कि राष्ट्र की समग्र प्रगति में असम एक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव का मुकाबला करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'सात अपीलों' के संदर्भ में उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री की यह अपील राष्ट्रहित में की गई एक अपील है, और इसके लिए हम सभी के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। मैं यह स्वीकार करता हूँ कि कोई भी पूर्ण परिवर्तन एक ही दिन में हासिल नहीं किया जा सकता; तथापि, यदि हम सभी मिलकर थोड़ा-सा भी प्रयास करें, तो बदलाव निश्चित रूप से संभव है..."
गुवाहाटी पहुंचे एकनाथ शिंदे, हिमंत बिस्व सरमा को दी बधाई
हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि असम में खुशी का माहौल है; डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे... डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने जनता के कल्याण के लिए कई जन-कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं... मैं विकास के लिए मतदान करने हेतु राज्य की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।
मां कामाख्या की पूजा करके शपथ ग्रहण स्थल पहुंचे गोवा के सीएम प्रमोद सावंत
हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि मैं डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को दूसरी बार राज्य का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देता हूँ और असम में 'डबल इंजन' सरकार को चुनने के लिए जनता का आभार व्यक्त करता हूं। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने से पहले प्रमोद सावंत ने मां कामाख्या के दर्शन किए और पूजा की।
अनुप्रिया पटेल ने दी हिमंत बिस्व सरमा को बधाई
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल शपथ ग्रहण समारोह के लिए खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान पहुंचीं। उन्होंने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा को मेरी ओर से हार्दिक बधाई। लगातार तीसरी बार सरकार का गठन हुआ है... यह दर्शाता है कि जिस तरह से NDA सरकार ने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा है और विकास का एक नया अध्याय लिखा है, उसने लोगों का विश्वास जीता है। जनता ने तीसरी बार अपने विश्वास की मुहर लगाई है।
हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी और बेटी पहुंचे शपथ ग्रहण स्थल, जताई खुशी
मनोनीत मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के परिवार के सदस्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में पहुंचे। हिमंत बिस्व सरमा की बेटी सुकन्या सरमा ने कहा कि यहां आकर हम बहुत खुश और आनंदित महसूस कर रहे हैं। उनकी पत्नी रिंकी भुइयां ने कहा कि यह बहुत ही खुशी का पल है।