बर्लिन : जर्मनी की मॉडल और इन्फ्लुएंसर लिजलाज ने भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें कोहली के खिलाफ झूठी बातें बोलने के लिए पैसे की पेशकश की थी। लिजलाज ने यह भी कहा कि इस पूरे मामले के बाद उन्हें लगातार कई फोन कॉल आने लगे थे।
इंस्टाग्राम पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
लिजलाज के अनुसार पूरा मामला इंस्टाग्राम पर किए गए एक पोस्ट से शुरू हुआ। उस पोस्ट में दावा किया गया था कि विराट कोहली ने उनकी एक तस्वीर को लाइक किया है। यह खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई और इसके बाद उनकी जिंदगी अचानक बदल गई।
जर्मन मॉडल ने बताया कि मैं उस समय बहुत खुश थी और थोड़ी भावुक भी हो गई थी। लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि बात इतनी आगे बढ़ जाएगी। इसके बाद अलग-अलग मैगजीन और कई अन्य जगहों से लगातार मेरे पास फोन आने लगे।
झूठे आरोप लगाने के लिए पैसों का ऑफर
लिजलाज ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन पर विराट कोहली के बारे में गलत और मनगढ़ंत बातें कहने का दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि कुछ पत्रकारों ने भी उन्हें पैसे देने की पेशकश की ताकि वे कोहली के खिलाफ झूठे आरोप लगा सकें।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मुझसे ऐसी बातें बोलने के लिए कहा गया जिन पर मैं खुद विश्वास नहीं करती। मुझे पैसे देकर झूठ बोलने को कहा गया था। लेकिन मैं ऐसा क्यों करूं? मैं खुद कह चुकी हूं कि विराट कोहली मेरे पसंदीदा क्रिकेटर हैं। मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो पैसों के लिए झूठ बोलें।
पहले भी हो चुका है ऐसा विवाद
इससे पहले भी विराट कोहली का नाम इंस्टाग्राम से जुड़े एक विवाद में सामने आ चुका है। उस समय उन्होंने एक फैन पेज की पोस्ट को लाइक किया था जिसके बाद सोशल मीडिया पर भ्रम की स्थिति बन गई थी। बाद में कोहली ने सफाई देते हुए कहा था कि यह एआई सिस्टम की वजह से हुआ और इसमें उनकी कोई जानबूझकर की गई भूमिका नहीं थी।
अब इस नए घटनाक्रम के बाद एक बार फिर विराट कोहली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि लिजलाज ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्होंने कभी भी कोहली के खिलाफ कोई झूठा आरोप लगाने की कोशिश नहीं की। उनके मुताबिक यह पूरा मामला उनके लिए बेहद असहज और मानसिक दबाव पैदा करने वाला साबित हुआ।