गुवाहाटीः असम में एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत आज होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण मौके से पहले मुख्यमंत्री पद के निर्वाचित नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने मां कामाख्या से राज्य के लोगों के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के आशीर्वाद से असम विकास के नए रास्तों पर आगे बढ़ेगा और राज्य नई ऊंचाइयों को छुएगा।
शपथ ग्रहण समारोह आज 12 मई को सुबह 11:40 बजे खानापाड़ा स्थित वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई अन्य केंद्रीय मंत्री मौजूद रहेंगे। एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह में शामिल होंगे।
हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने मंत्रिमंडल के चार नए सदस्यों के नाम भी घोषित किए हैं। इनमें रमेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अंजंता नेओग शामिल हैं, जो आज शपथ लेंगे। इसके अलावा, वरिष्ठ भाजपा नेता रंजीत दास को असम विधानसभा के स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
सरमा ने कहा कि नई टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ असम को मजबूत, विकसित और समृद्ध बनाने के लिए काम करेगी। यह सरकार राज्य में एनडीए का लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू करने जा रही है, जिसे विकास और स्थिरता के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।