मदर्स डे (10 मई) पर जहां सोशल मीडिया पर मां के साथ वाली फोटो की भरमार है, वहीं मदर्स डे से ठीक पहले एक युवा एंटरप्रेन्यॉर का वीडियो बेहद वायरल हो रहा है। खास बात है कि यह वीडियो न तो कोई डांस वीडियो है और न ही कोई वीडियो GRWM है। दरअसल, एक बेहद ही भावुक कर देने वाली वजह से यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
दिल्ली के इस एंटरप्रेन्यॉर ने मदर्स डे के खास मौके पर अपने सभी कर्मचारियों को न सिर्फ 3 दिनों की छुट्टी (Paid Leave) दी है बल्कि उन्हें ₹10,000 भी अलग से दिए हैं। पर जरा रुकिए...कर्मचारियों को यह छुट्टी और वेतन के अलावा अलग से दिया रुपया पार्टी करने के लिए नहीं बल्कि अपने माता-पिता का घुमाने के लिए लेकर जाने के लिए दिया गया है। है न दिल को छू लेने वाली बात!
Read Also | क्या होगा अगर बोर्डिंग गेट पार करने के बाद भी Flight में नहीं चढ़े आप? क्या भरना पड़ेगा जुर्माना या फिर....
इंस्टाग्राम यह वीडियो न सिर्फ वायरल हो रहा है बल्कि इसे खूब शेयर भी किया जा रहा है। NDTV की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार युवा एंटरप्रेन्यॉर रजत ग्रोवर ने अपने कर्मचारियों को 3 दिनों की छुट्टी के साथ ही 10 हजार रुपया दिया है ताकि वे अपने माता-पिता को घुमाने के लिए लेकर जा सकें।
इस वायरल वीडियो क्लिप में रजत कहते सुनाई दे रहे हैं, "कई बार हम उनसे बात नहीं करते हैं। हम हमारी जिंदगी में व्यस्त रहते हैं। हम सुबह घर निकल जाते हैं और रात को वापस लौटते हैं। कई बार हमें पता भी होता है लेकिन हम उनसे कुछ नहीं पूछते हैं। हमें उनके स्वास्थ्य के बारे में भी कोई जानकारी नहीं होती है।"
बात करें
इस वीडियो में रजत ग्रोवर अपने माता-पिता से बात करने के लिए कर्मचारियों को उत्साहित करता है ताकि उनकी इच्छाओं को समझा जा सकें और उनके साथ एक छोटा ट्रिप प्लान किया जा सकें। वह कहते हैं कि टिकट बुक करें और 3 दिनों के लिए बैग पैक करें। यह कंपनी की तरफ से एक पेड लिव है। हम ₹10,000 रिइंबर्स करेंगे। यह हमारी तरफ से लिया गया एक छोटा कदम है।
सोशल मीडिया पर मिल रही वाह-वाही
सोशल मीडिया पर युवा एंटरप्रेन्यॉर की इस पहल को खूब वाहवाही मिल रही है। एक यूजर ने लिखा है, मेरे लिए यह एक कर्मचारी को मिलने वाला सबसे अच्छी सुविधा है। माता-पिता समय को याद रखते हैं, उपहारों को नहीं।
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा है कि माता-पिता के साथ 3 दिनों तक काम से दूर, यह किसी भी ऑफिस पार्टी या बोनस से अधिक महत्वपूर्ण लग रहा है। तीसरे यूजर ने लिखा है कि काफी लोग अच्छा कमाते तो हैं लेकिन माता-पिता के साथ अच्छा समय नहीं बिताते हैं। यह आइडिया उन्हें ऐसा करने पर जोर डालेगा।