गाजीपुरः माफिया मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी अफशां अंसारी की तलाश में रविवार (10 मई) को उत्तर प्रदेश के मऊ और गाजीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा स्थित पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैय्यब पालकी के आवास पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर के विभिन्न कमरों की तलाशी ली तथा महिला पुलिसकर्मियों के जरिए घर की महिलाओं से पूछताछ की। हालांकि काफी देर तक चली छानबीन के बावजूद अफशां अंसारी का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस टीम बैरंग लौट गई।
संयुक्त छापेमारी की खबर से पूरे दिन मुख्तार समर्थकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र की निवासी अफशां अंसारी के खिलाफ मऊ जिले के दक्षिण टोला थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, सरकारी संपत्ति क्षति और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
अफशां अंसारी पर दर्ज हैं करीब 10 मामले
वहीं गाजीपुर जिले के विभिन्न थानों में भी उनके खिलाफ करीब दस आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश में जुटी हुई है तथा उन पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। रविवार की सुबह लगभग नौ बजे गाजीपुर जिले की कासिमाबाद पुलिस तथा मऊ के दक्षिण टोला थाने की संयुक्त टीम पूर्व चेयरमैन तैय्यब पालकी के आवास पर पहुंची।
पुलिस टीम ने पूरे घर की गहन तलाशी ली और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। छापेमारी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने घर की महिलाओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनके चेहरे देखकर पूछताछ की। करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई के बाद जब कोई सफलता हाथ नहीं लगी तो पुलिस वापस लौट गई।
छापेमारी पर पूर्व चेयरमैन ने क्या कहा ?
छापेमारी के बाद पूर्व चेयरमैन तैय्यब पालकी ने कार्रवाई को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं हुई तो महिला पुलिस को घर के अंदर भेजकर उनकी पत्नी समेत अन्य महिलाओं से पूछताछ कराई गई। उन्होंने कहा कि उनका संबंध केवल मुख्तार अंसारी से राजनीतिक स्तर तक सीमित था और परिवार से कभी कोई संपर्क नहीं रहा।