रायपुर : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज होने वाले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। रविवार के डबल हेडर का यह दूसरा मैच होगा जिसकी शुरुआत शाम 7:30 बजे से निर्धारित है।
मुकाबले से पहले सबसे बड़ी चर्चा मौसम को लेकर हो रही है। दरअसल मैच से एक दिन पहले शनिवार को रायपुर में जोरदार बारिश हुई थी। इसके बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच यह सवाल उठने लगा कि क्या मैच के दिन भी बारिश खेल का मजा बिगाड़ सकती है।
हालांकि ताजा मौसम अपडेट राहत देने वाला है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी AccuWeather के अनुसार मैच के दिन शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस से घटकर 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक तेज हवाएं चल सकती हैं और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है लेकिन बारिश की आशंका बेहद कम बताई गई है। ऐसे में फिलहाल यह माना जा रहा है कि मैच बिना किसी रुकावट के पूरा हो सकता है।
रायपुर की पिच को संतुलित माना जाता है। यहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलती है। यही वजह है कि मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद की जा रही है।
इस मैच में मुंबई इंडियंस के लिए स्थिति बेहद अहम है। टीम को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। मुंबई इंडियंस ने अब तक 10 मुकाबले खेले हैं जिनमें केवल 3 मैचों में जीत मिली है जबकि 7 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
टीम के खाते में फिलहाल 6 अंक हैं और वह अंक तालिका में नौवें स्थान पर मौजूद है। अगर आज मुंबई इंडियंस हार जाती है तो उसका प्लेऑफ में पहुंचने का सपना लगभग समाप्त हो जाएगा।
दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस मुकाबले में जीत दर्ज कर अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी। ऐसे में रायपुर में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।