लंदन : महिला क्रिकेट में सबसे सफल चेहरों में शामिल सारा टेलर ने क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब कोचिंग की दुनिया में कदम रखा है।
पुरुषों के क्रिकेट में महिला कोच की नियुक्ति के साथ विश्व क्रिकेट में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम में पूर्व महिला विकेटकीपर सारा टेलर को फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है। महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे बेहतरीन विकेटकीपरों में गिनी जाने वाली सारा टेलर को क्रिकेट से संन्यास के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।
नई चुनौती को स्वीकार करते हुए सारा टेलर ने पुरुष टीम के साथ अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की है और उन्होंने इतिहास रच दिया है। हालांकि सारा टेलर को पुरुष क्रिकेट टीम के साथ लंबा अनुबंध नहीं मिला है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए यह जिम्मेदारी दी गई है। इसी के साथ उन्होंने अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की है। खिलाड़ी के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उनका उद्देश्य अब कोचिंग में अनुभव हासिल करना है और इसी दिशा में वह पुरुष क्रिकेट टीम के साथ काम शुरू कर रही हैं। इसके साथ ही वह कई हाई-प्रोफाइल व्यक्तित्वों के साथ भी कोचिंग से जुड़े काम कर चुकी हैं।
इंग्लैंड पुरुष टीम से जुड़ने से पहले सारा टेलर ने एंड्रयू फ्लिंटॉफ के मार्गदर्शन में इंग्लैंड लायंस के साथ कोचिंग की है। इसके अलावा उन्होंने ससेक्स की पुरुष टीम और द हंड्रेड की फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के साथ भी काम किया है।
सारा टेलर को इस नई भूमिका में देखकर इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट निदेशक रॉब की ने उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस भूमिका के लिए सारा टेलर इस समय सबसे उपयुक्त हैं। उन्होंने बताया कि सारा टेलर शानदार हैं और एंड्रयू फ्लिंटॉफ तथा एडी बर्नी के साथ काम कर चुकी हैं। उनके अनुसार इन सभी से बातचीत के बाद यह स्पष्ट हुआ कि सारा इस भूमिका के लिए सबसे बेहतरीन विकल्प हैं।
महिला क्रिकेट में सारा टेलर का शानदार करियर
सारा टेलर इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की एक प्रमुख खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 226 मैच खेले हैं और अपने प्रदर्शन से टीम को कई महत्वपूर्ण सफलताएँ दिलाई हैं।