मुंबई : मुंबई इंडियंस में क्या कप्तान हार्दिक पंड्या अलग-थलग पड़ गए हैं? अकेले नेट्स में अभ्यास करते दिखे खिलाड़ी
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में हार्दिक पंड्या खेलेंगे या नहीं, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में खेला जाना है। लेकिन इस मैच से पहले टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या टीम के साथ धर्मशाला रवाना नहीं हुए। मुंबई इंडियंस के बाकी खिलाड़ी जहां धर्मशाला के लिए निकल चुके हैं वहीं हार्दिक पंड्या मुंबई में ही रुके हुए हैं।
मंगलवार देर रात हार्दिक पंड्या ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में उन्हें अकेले नेट्स में बल्लेबाजी अभ्यास करते हुए देखा गया। इसके बाद से यह अटकलें लगाई जाने लगी हैं कि क्या वह पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेल पाएंगे या नहीं।
पीठ की चोट के कारण हार्दिक पर संशय
जानकारी के अनुसार पीठ की समस्या के कारण हार्दिक पंड्या पिछले कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में भी वह टीम का हिस्सा नहीं थे। हालांकि बाद में वह टीम के साथ रहने के लिए रायपुर पहुंच गए थे।
अब पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में भी उनके खेलने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि वह यह मैच मिस कर सकते हैं। यहां तक कि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अगले मुकाबले में भी उनकी उपलब्धता को लेकर सवाल बने हुए हैं। फिलहाल मुंबई में रहकर डॉक्टर और टीम का सपोर्ट स्टाफ उनकी चोट की निगरानी कर रहा है।
मुंबई इंडियंस का खराब सीजन, हार्दिक भी लय में नहीं
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का सीजन मुंबई इंडियंस के लिए बेहद निराशाजनक साबित हो रहा है। टीम ने अब तक 11 मैच खेले हैं जिनमें केवल 3 मुकाबलों में जीत दर्ज कर सकी है। 6 अंकों के साथ टीम फिलहाल 10 टीमों की अंक तालिका में नौवें स्थान पर मौजूद है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार के बाद मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें भी लगभग समाप्त हो गईं।
सिर्फ टीम ही नहीं व्यक्तिगत प्रदर्शन के मामले में भी हार्दिक पंड्या इस सीजन अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नजर नहीं आए हैं। उन्होंने अब तक 146 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में केवल 4 विकेट हासिल किए हैं। उनके नाम और क्षमता को देखते हुए इस प्रदर्शन को उम्मीद के अनुरूप नहीं माना जा रहा है।
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने भी टीम के खराब प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। हमारे पास मौके थे लेकिन हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में निरंतरता की कमी रही जिसकी वजह से हमें यह परिणाम देखने पड़े।