बर्न : फुटबॉल विश्व कप शुरू होने में अब केवल 29 दिन बाकी हैं। सिर्फ अमेरिका ही नहीं बल्कि लगभग पूरी दुनिया में इस टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं। इसी बीच विश्व कप से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं।
पांच-पांच विश्व कप खेलने का रिकॉर्ड पहले लोथार मैथाउस, जियानलुइजी बुफोन, अंतोनियो कार्बाहाल, राफाएल मार्केज और आंद्रेस गुआर्दादो जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के नाम रहा है। इसी सूची में लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और मेक्सिको के अनुभवी गोलकीपर गियेर्मो ओचोआ भी शामिल हैं। विश्व कप के मंच पर ओचोआ ने कई यादगार प्रदर्शन किए हैं।
अब ओचोआ मेसी और रोनाल्डो के साथ एक नया इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए माना जा रहा है कि ये तीनों खिलाड़ी अपने करियर का छठा विश्व कप खेलेंगे। मंगलवार को राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद ओचोआ ने कहा कि मेरे करियर में यह शायद आखिरी बार है जब मैं राष्ट्रीय टीम के कैंप में शामिल हो रहा हूं। जब भी देश की ओर से बुलावा आता है मेरे भीतर एक नई भावना जाग उठती है। आज भी राष्ट्रीय गान के दौरान शरीर में सिहरन दौड़ जाती है।
इधर भारत में फुटबॉल विश्व कप के प्रसारण को लेकर कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। अब यह मामला अदालत के फैसले पर निर्भर करता दिख रहा है कि दूरदर्शन पर विश्व कप का सीधा प्रसारण होगा या नहीं। दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति पुरुषेन्द्र कुमार कौरव ने इस मामले में केंद्र सरकार और प्रसार भारती को नोटिस जारी किया है।
संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत अधिवक्ता अवधेश बैरवा ने याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया है कि वर्ष 2007 के स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग सिग्नल्स एक्ट के अनुसार फुटबॉल विश्व कप ऐसा खेल आयोजन है जिसका राष्ट्रीय महत्व है। इसलिए केंद्र सरकार और प्रसार भारती की जिम्मेदारी बनती है कि आम दर्शकों के लिए विश्व कप प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस बार विश्व कप में फीफा एक नई पहल भी करने जा रहा है। जो खिलाड़ी पहली बार विश्व कप में मैदान पर उतरेंगे उनकी जर्सी पर विशेष 'डेब्यू' पैच लगाया जाएगा। लामिन यामाल और एर्लिंग हालांड जैसे कई बड़े सितारे इस बार अपना पहला विश्व कप खेलने जा रहे हैं इसलिए उनकी जर्सी पर भी यह विशेष निशान दिखाई देगा। हालांकि यह पैच केवल पहले मैच तक ही रहेगा। उसके बाद इसे जर्सी से हटा लिया जाएगा लेकिन बाद में खिलाड़ियों के कार्ड के साथ यह पैच स्मारक के रूप में बेचा जाएगा।
इसके अलावा जिन देशों ने पहले विश्व कप जीता है उनकी जर्सी पर विशेष सुनहरा पैच लगाया जाएगा। बाकी देशों की जर्सियों पर इस संस्करण के विश्व कप का आधिकारिक लोगो रहेगा।
विश्व कप के लिए अंतिम टीम घोषित करने वाला पहला देश बोस्निया-हर्जेगोविना बन गया है। मंगलवार को उसने 26 खिलाड़ियों की अपनी अंतिम टीम की घोषणा की। यही बोस्निया-हर्जेगोविना प्ले-ऑफ फाइनल में इटली को हराकर विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहा था।