🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अभिषेक बच्चन ने कहा- पिता से मिली खेलों की प्रेरणा, यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में खेलेंगे कई अंतरराष्ट्रीय स्टार क्रिकेटर

ETPL को दुनिया की बड़ी क्रिकेट लीग बनाने की तैयारी

By डॉ. अभिज्ञात

May 12, 2026 23:02 IST

डबलिन (आयरलैंड) : यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के सह-संस्थापक और सह-मालिक अभिषेक बच्चन ने खेलों के प्रति अपने लगाव का श्रेय अपने पिता अमिताभ बच्चन को दिया है। उन्होंने बताया कि बचपन में पिता के साथ अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं देखने और उनसे खेलों की बारीकियां सीखने के दौरान ही उनके भीतर खेलों के लिए गहरी रुचि विकसित हुई।

फिल्मों में पहचान बनाने के साथ-साथ अभिषेक बच्चन ने भारत में एक सफल स्पोर्ट्स उद्यमी के रूप में भी अपनी अलग जगह बनाई है। वह प्रो कबड्डी लीग की टीम जयपुर पिंक पैंथर्स के मालिक हैं, जबकि इंडियन सुपर लीग क्लब चेन्नईयिन एफसी में उनकी हिस्सेदारी पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के साथ है। अब वह क्रिकेट में भी ETPL के जरिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

अभिषेक बच्चन को अक्सर जयपुर पिंक पैंथर्स के मुकाबलों और चेन्नईयिन एफसी के मैचों में अपनी टीमों का उत्साहवर्धन करते देखा जाता है। इसके अलावा वह भारतीय क्रिकेट टीम के मुकाबलों में भी नियमित रूप से नजर आते हैं, जो खेलों के प्रति उनके जुनून को दर्शाता है।

एएनआई से बातचीत में अभिषेक ने कहा कि उनके खेल प्रेम की शुरुआत पूरी तरह उनके पिता अमिताभ बच्चन की वजह से हुई। उन्होंने कहा, “इसका पूरा श्रेय मेरे पिता को जाता है। वह खुद भी खेलों के बड़े शौकीन हैं। बचपन में उनके साथ समय बिताते हुए मैंने कई तरह के खेल देखे और उन्हीं से उनके बारे में सीखा। वहीं से खेलों के प्रति मेरा लगाव शुरू हुआ।”

नई फ्रेंचाइजी आधारित क्रिकेट प्रतियोगिता ETPL को लेकर भी अभिषेक बच्चन लगातार अपनी सोच साझा करते रहे हैं। उनका उद्देश्य इस लीग को यूरोप में विश्वस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में स्थापित करना है, जिसमें दुनिया भर के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लें। उनका मानना है कि आने वाले वर्षों में यह टूर्नामेंट क्रिकेट कैलेंडर की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिताओं में शामिल हो सकता है।

उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश है कि यूरोप में एक विश्वस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाए। दर्शकों को शानदार क्रिकेट और मनोरंजन दोनों मिले। अगले तीन से पांच वर्षों में मैं ETPL को ऐसे टूर्नामेंट के रूप में देखना चाहता हूं, जिसका क्रिकेट प्रेमी बेसब्री से इंतजार करें।”

क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (KNCB) के समर्थन से शुरू की गई इस लीग को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से आधिकारिक मंजूरी भी मिल चुकी है। इसके साथ ही ETPL यूरोप क्षेत्र की शुरुआती ICC-स्वीकृत बड़ी फ्रेंचाइजी टी20 लीगों में शामिल हो गई है।

इस लीग में मिचेल मार्श, टिम डेविड, मिचेल सैंटनर, लियाम लिविंगस्टोन, ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डु प्लेसिस और हेनरिक क्लासेन जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के खेलने की संभावना जताई जा रही है। इससे यूरोप और अन्य एसोसिएट देशों के उभरते खिलाड़ियों को विश्व क्रिकेट के बड़े सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।

लीग की ओनरशिप संरचना में क्रिकेट, कारोबार और वैश्विक निवेश जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल हो चुकी हैं। इसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल, वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स और फाफ डु प्लेसिस जैसे दिग्गजों के नाम प्रमुख हैं।

ETPL का पहला संस्करण 26 अगस्त से 20 सितंबर 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा। अगस्त-सितंबर की विंडो चुनने के पीछे की वजह बताते हुए अभिषेक बच्चन ने कहा कि लीग प्रबंधन ऐसा समय चाहता था, जिसमें अन्य प्रमुख क्रिकेट गतिविधियों से कम से कम टकराव हो। उन्होंने ICC द्वारा इस विंडो को मंजूरी दिए जाने पर भी खुशी जताई।

गौरतलब है कि दुनिया की अधिकांश बड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीगें क्रिकेट कैलेंडर के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होती हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) आमतौर पर मार्च से मई के बीच होती हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की SA20 और ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) दिसंबर-जनवरी के दौरान खेली जाती हैं।

अभिषेक बच्चन ने कहा, “हम ऐसा समय चाहते थे जिसमें किसी तरह की रुकावट न हो और दूसरी क्रिकेट गतिविधियों से न्यूनतम टकराव हो। ICC ने हमें यह विंडो दी, इसके लिए हम बेहद आभारी हैं। इससे हमें दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी और हम इससे बहुत खुश हैं।”

Articles you may like: